Rishabh Pant Fitness: आईसीसी विश्व टेस्ट चैंपियनशिप 2025-27 के तहत टीम इंडिया को 19 नवंबर से न्यूजीलैंड के खिलाफ दो टेस्ट मैच की सीरीज खेलनी है और इससे पहले इंडिया को बड़ी राहत मिली है।

भारतीय टीम के स्टार विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत को सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (CoE) से हरी झंडी मिल गई है और वह जल्द ही न्यूजीलैंड के लिए उड़ान भरेंगे। इससे पहले पंत ने फिटनेस टेस्ट दिया था, लेकिन उसको वह क्लियर नहीं कर पाए थे। लेकिन इस बार उन्होंने न सिर्फ टेस्ट पास किया, बल्कि न्यूजीलैंड की टिकट भी कटा ली है।

CoE से मिली मंजूरी

विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत को सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (CoE) से फिटनेस क्लीयरेंस मिल गया है और वह जल्द ही न्यूजीलैंड जाएंगे। पंत ने गुरुवार (12 नवंबर) को सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (CoE) से मंजूरी मिलने से पहले 10 और 11 नवंबर को दो फिटनेस और सिमुलेशन टेस्ट दिए थे।

पंत के फिट होने से टीम इंडिया को बड़ी राहत मिली है, क्योंकि पंत का हालिया रेड बॉल फॉर्म कमाल का रहा है और उनका अनुभव इस सीरीज में टीम के लिए काफी मूल्यवान साबित हो सकता है। इससे पहले पंत को अक्टूबर की शुरुआत में ईरानी कप में रेस्ट ऑफ इंडिया की कप्तानी करते समय साइड स्ट्रेन हो गया था। तब से वह सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (CoE) में रिहैबिलिटेशन कर रहे थे।

पंत के आगे से हटा स्टार

जब भारतीय चयनकर्ताओं ने न्यूजीलैंड में दो मैचों की सीरीज के लिए टेस्ट टीम की घोषणा की, तो पंत के नाम के आगे स्टार लगाकर चुना गया था, क्योंकि उनका शामिल होना फिटनेस क्लीयरेंस पर निर्भर था। हालांकि वह इंडिया ए के लिए तीन अनऑफिशियल टेस्ट के लिए समय पर नहीं पहुंच पाए, जहां कई टेस्ट रेगुलर खिलाड़ियों ने रेड-बॉल ट्यून-अप के लिए हिस्सा लिया था, लेकिन उन्होंने टेस्ट सीरीज के लिए समय पर पूरी फिटनेस हासिल कर ली है।

19 नवंबर से शुरू होगी सीरीज

भारत के लिए यह टेस्ट सीरीज काफी अहम होने वाली है, क्योंकि आईसीसी विश्व टेस्ट चैंपियनशिप 2025-27 के फाइनल में जगह बनाने के लिए यह सीरीज जीतना काफी अहम है। डब्ल्यूटीसी 2025-27 अंक तालिका की बात करें तो टीम इंडिया फिलहाल चौथे स्थान पर है और उन्हें शीर्ष दो में पहुंचने के लिए शेष मैचों को जीतना जरूरी होगा।

ऐसे में देखना दिलचस्प होगा कि शुभमन एंड कंपनी इस मुश्किल कार्य को करने में सफल रहती है या फिर नहीं इस सीरीज का पहला मैच 19 नवंबर से वेलिंगटन में शुरू होगा, जबकि क्राइस्टचर्च 27 नवंबर को दूसरा टेस्ट होस्ट करेगा।

ये भी पढ़ें- ‘अक्षर कप्तानी नहीं चाहते…’ दिल्ली की कप्तानी की फंसा पेंच! आकाश चोपड़ा ने बताया कौन होगा नया कप्तान