Suresh Raina on MS Dhoni: भारत के पूर्व मिडिल ऑर्डर बल्लेबाज सुरेश रैना ने महेंद्र सिंह धोनी को इंडियन प्रीमियर लीग का सबसे बड़ा ब्रांड बताया है। उन्होंने कहा कि वह खुशकिस्मत हैं कि उन्हें चेन्नई सुपर किंग्स के दिग्गज के साथ ड्रेसिंग रूम शेयर करने का मौका मिला।
टूर्नामेंट से रिटायर होने के उनके फैसले के साथ ही उनके 19 साल के शानदार करियर का अंत हो गया है। धोनी की लेगेसी और आईपीएल से दूर जाने के उनके फैसले पर बात करते हुए, रैना ने कहा कि भारत के पूर्व कप्तान ने सीएसके को सब कुछ दिया और फ्रेंचाइजी के सपोर्टर्स के साथ एक बहुत बड़ा इमोशनल कनेक्शन बनाया।
वह एक अच्छे इंसान बने- रैना
पूर्व भारतीय बल्लेबाज सुरेश रैना ने जियो हॉटस्टार पर आईपीएल 2027 रिटेंशन स्पेशल शो पर धोनी को लेकर बात की। उन्होंने कहा,
"वह इतने सालों तक आईपीएल में खेले हैं और इतने बड़े खिलाड़ी बने हैं, लेकिन मुझे लगता है कि एक इंसान के तौर पर हमने उनसे जो सीखा है, वह और भी ज्यादा मायने रखता है। उन्होंने सीएसके के लिए बहुत सारे मैच खेले, जिसमें नॉकआउट मैच, फाइनल और सेमीफाइनल शामिल हैं। चेन्नई शहर से उन्हें जितना प्यार मिला, मुझे लगता है कि उन्होंने एक इंसान और एक लीडर के तौर पर बहुत कुछ हासिल किया।"
वह CSK के सबसे बड़े पिलर हैं- रैना
महेंद्र सिंह धोनी के आईपीएल रिटायरमेंट पर सुरेश रैना ने कहा कि मैं बहुत खुशकिस्मत हूं कि उनके साथ खेलने का मौका मिला और हमने बहुत सारी ट्रॉफी जीत। सुरेश ने कहा,
" मेरे लिए जो बात सबसे खास थी, वह थी सीएसके के हर फैन से उन्हें मिला प्यार। वह ऐसे ही इंसान हैं। मैं बहुत खुशकिस्मत था कि मुझे उनके साथ सीएसके के लिए खेलने का मौका मिला, और हमने बहुत सारी ट्रॉफी भी जीतीं। मुझे लगता है कि वह सीएसके के सबसे बड़े पिलर में से एक हैं, और चेन्नई आने के बाद उन्होंने बहुत कुछ हासिल किया। हमने वर्ल्ड कप जीता, हमने बहुत सारी टेस्ट सीरीज जीतीं। मुझे लगता है कि उन्होंने एक खिलाड़ी और एक इंसान के तौर पर बहुत अच्छा काम किया है, और वह अब तक आईपीएल में सबसे बड़े ब्रांड हैं।"
इस वजह से लिया संन्यास- रैना
सुरेश रैना का मानना है कि उन्होंने घुटने की लगातार समस्याओं के कारण उन्हें संन्यास लेना पड़ा। रैना ने कहा कि फिजिकल चुनौतियों की वजह से धोनी को अपना खेल छोड़ना पड़ा। उन्होंने यह भी बताया कि घुटने की लगातार समस्याओं ने इस अनुभवी विकेटकीपर-बल्लेबाज के लिए खेल की मांगों को पूरा करना मुश्किल बना दिया था। पिछले सीजन धोनी पूरी लीग के दौरान इसी समस्या से जुझ रहे थे और शायद यही वजह रही होगी कि उन्होंने अचानक अपने फैंस का दिल तोड़ दिया है।
ये भी पढ़ें- ‘मेंटर बनना मुश्किल…’ एमएस धोनी की नई जिम्मेदारी पर पूर्व ऑलराउंडर ने उठाए सवाल! सपोर्ट में उतरे इरफान पठान