Ola Electric Latest News: इलेक्ट्रिक स्कूटर के बाजार में कभी अपनी मजबूत पहचान बनाने वाली Ola Electric इन दिनों मुश्किल दौर से गुजर रही है। एक समय था जब कंपनी के स्कूटरों की खूब चर्चा होती थी और ग्राहकों के बीच इनकी अच्छी मांग थी। लेकिन अब कंपनी की कमाई में गिरावट और बढ़ते कारोबारी खर्च ने चिंता बढ़ा दी है। वित्त वर्ष 2027 की दूसरी तिमाही के नतीजे भी कुछ ऐसी ही तस्वीर दिखा रहे हैं। कंपनी का रेवेन्यू सालाना आधार पर 39 फीसदी घट गया है और उसे 362 करोड़ रुपये का शुद्ध घाटा हुआ है।
39 फीसदी कम हुई कंपनी की कमाई
ताजा आंकड़ों के मुताबिक, Ola Electric का दूसरी तिमाही में रेवेन्यू घटकर 421 करोड़ रुपये रह गया है। पिछले साल इसी तिमाही में कंपनी ने 690 करोड़ रुपये की कमाई की थी। यानी कंपनी की आमदनी में 269 करोड़ रुपये की कमी आई है। हालांकि, घाटे के मामले में थोड़ी राहत जरूर मिली है। पिछले साल कंपनी को 418 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ था, जो इस बार घटकर 362 करोड़ रुपये रह गया है।
अपने स्टोर बंद करने की तैयारी में कंपनी
कंपनी के लिए खुद के स्टोर चलाना भी महंगा सौदा साबित हो रहा है। स्टोर का किराया, कर्मचारियों की सैलरी और दूसरे खर्चों से कारोबार पर दबाव बढ़ रहा था। इसी वजह से Ola Electric ने 1 नवंबर से अपने स्टोरों पर बुकिंग लेना बंद कर दिया है। कंपनी की योजना 2026 के अंत तक लगभग सभी कंपनी संचालित स्टोर बंद करने की है।
अब डीलरशिप के जरिए होगी बिक्री
स्टोर बंद होने का मतलब यह नहीं है कि कंपनी स्कूटर बेचना बंद कर देगी। अब Ola Electric थर्ड पार्टी डीलरशिप के माध्यम से अपने वाहन ग्राहकों तक पहुंचाएगी। 8 नवंबर तक कंपनी 255 डीलर पार्टनर्स के साथ 319 नए स्टोर शुरू कर चुकी थी। कंपनी का लक्ष्य वित्त वर्ष के अंत तक इस नेटवर्क को 700 लोकेशन तक पहुंचाना है।
सप्लाई बढ़ाकर वापसी की तैयारी
कंपनी के सीईओ भाविश अग्रवाल के मुताबिक, स्कूटरों की मांग में कमी नहीं आई है, बल्कि सप्लाई की परेशानी से बिक्री प्रभावित हुई है। अगस्त में कंपनी ने 9,235 स्कूटर बनाए थे, जबकि अक्टूबर में उत्पादन बढ़कर 14,092 यूनिट हो गया। अब कंपनी दिसंबर तक हर महीने 25,000 स्कूटर बनाने का लक्ष्य लेकर चल रही है। ऐसे में आने वाले महीनों में यह देखना दिलचस्प होगा कि नई डीलरशिप व्यवस्था और बढ़ता उत्पादन Ola Electric को फिर से बाजार में मजबूत जगह दिला पाते हैं या नहीं।
ये भी पढ़ें: Apple का बड़ा धमाका! iPhone 18 और 18e में मिलेंगे ये धांसू फीचर्स