UP Election 2027 BJP Plan: उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने अभी से चुनावी तैयारियां तेज कर दी हैं। पार्टी संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने के लिए अब उन पुराने और वरिष्ठ नेताओं को दोबारा सक्रिय करने की रणनीति पर काम कर रही है, जो पिछले कुछ वर्षों से पार्टी की गतिविधियों से दूरी बनाए हुए हैं। माना जा रहा है कि इस पहल का मकसद संगठन की मजबूती के साथ-साथ पारंपरिक वोट बैंक को फिर से पूरी तरह सक्रिय करना है।
सूत्रों के अनुसार, पार्टी नेतृत्व का मानना है कि कई ऐसे वरिष्ठ कार्यकर्ता और नेता हैं जिन्होंने वर्षों तक संगठन के लिए काम किया, लेकिन समय के साथ जिम्मेदारियां कम होने के कारण वे सक्रिय राजनीति से दूर हो गए। अब इन्हें सम्मानजनक भूमिका देकर संगठन से दोबारा जोड़ने की तैयारी की जा रही है।
क्या है बीजेपी की रणनीति?
पार्टी की योजना के तहत हर मंडल स्तर पर 'मार्गदर्शन मंडल कमेटी' का गठन किया जाएगा। इस समिति में वरिष्ठ और अनुभवी नेताओं को शामिल किया जाएगा, जो संगठन और पार्टी की नीतियों पर मार्गदर्शन देने का काम करेंगे।
इसके अलावा प्रत्येक जिले में 'सुझाव कमेटी' बनाई जाएगी, जिसमें वरिष्ठ नेताओं से चुनावी रणनीति और संगठन को मजबूत करने के लिए सुझाव लिए जाएंगे। इससे लंबे समय से निष्क्रिय नेताओं को संगठन में फिर से सक्रिय भूमिका मिलने की संभावना है।
जातीय समीकरण पर भी रहेगा फोकस
बीजेपी की रणनीति केवल संगठन तक सीमित नहीं है। पार्टी ऐसे वरिष्ठ नेताओं को उनकी सामाजिक और जातीय पकड़ के आधार पर भी जिम्मेदारियां सौंप सकती है, ताकि विभिन्न वर्गों के बीच पार्टी की पहुंच और मजबूत हो सके।
चुनावी तैयारी को मिलेगी धार
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि बूथ स्तर पर मजबूत पकड़ रखने वाले पुराने कार्यकर्ता चुनाव के दौरान अहम भूमिका निभा सकते हैं। यदि ये नेता फिर से सक्रिय होते हैं तो बूथ मैनेजमेंट मजबूत होने के साथ-साथ पारंपरिक समर्थकों को मतदान केंद्र तक लाने में भी मदद मिल सकती है। हालांकि, बीजेपी की इस रणनीति का वास्तविक असर 2027 के विधानसभा चुनाव के दौरान ही स्पष्ट होगा। फिलहाल पार्टी संगठनात्मक स्तर पर पुराने और अनुभवी नेताओं को साथ लेकर चुनावी मैदान में उतरने की तैयारी में जुटी है।
और पढे़ं:
फतेहपुर में गरजे सीएम योगी: नकल माफिया पर सख्त कार्रवाई का ऐलान, विकास परियोजनाओं की दी सौगात
CJP को लेकर प्रशांत किशोर का खुला ऑफर, कहा- छात्रों के लिए आएंगे...
Written By Shailesh Yadav