Ukraine Russia War Latest News: रूस और यूक्रेन के बीच जारी युद्ध अब लगातार नए इलाकों तक फैलता जा रहा है। शनिवार को यूक्रेन ने रूस के दक्षिण-पश्चिमी समारा क्षेत्र में बड़े पैमाने पर ड्रोन और मिसाइल हमला किया। यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की के मुताबिक, हमले में समारा स्थित प्रोग्रेस सेंटर को निशाना बनाया गया। यह प्रतिष्ठान रूसी अंतरिक्ष एजेंसी रोसकॉसमॉस के तहत काम करता है और रॉकेट तकनीक तथा इलेक्ट्रॉनिक्स के निर्माण से जुड़ा है।

समारा शहर के प्रमुख इवान नोस्कोव ने कहा कि रूसी वायु रक्षा बलों ने बड़े पैमाने पर मिसाइल हमले को विफल कर दिया। हालांकि, शहर के कुछ औद्योगिक प्रतिष्ठानों को स्थानीय स्तर पर नुकसान पहुंचा है। हमले में घायल लोगों को चिकित्सा सहायता दी गई है।

यूक्रेन की सीमा से करीब 900 किलोमीटर दूर हमला
जेलेंस्की ने दावा किया कि समारा स्थित प्रोग्रेस सेंटर पर यूक्रेन में निर्मित फ्लेमिंगो मिसाइल से हमला किया गया। यह प्रतिष्ठान यूक्रेन की सीमा से करीब 900 किलोमीटर दूर स्थित है। इसके अलावा यूक्रेन ने रूस के सावास्लेइका एयरबेस को भी निशाना बनाया, जो अग्रिम मोर्चे से करीब 700 किलोमीटर दूर है। जेलेंस्की ने कहा कि रूस में शांति की जरूरत महसूस होनी चाहिए और यह बात वहां ठोस नुकसान के जरिए स्पष्ट रूप से दिखाई देनी चाहिए। उन्होंने कहा कि यूक्रेन का मकसद रूस के सैन्य उद्योग और ऊर्जा प्रतिष्ठानों को निशाना बनाकर युद्ध के लिए मॉस्को के राजस्व पर दबाव बढ़ाना है।

रूस का दावा-598 यूक्रेनी ड्रोन मार गिराए
रूस के रक्षा मंत्रालय ने शनिवार को दावा किया कि उसकी वायु रक्षा प्रणालियों ने देश के 19 क्षेत्रों के अलावा काला सागर, आजोव सागर और रूस के कब्जे वाले क्रीमिया के ऊपर यूक्रेन के 598 ड्रोन मार गिराए। मॉस्को क्षेत्र के शातुरा शहर में भी ड्रोन हमले की खबर सामने आई। स्थानीय अधिकारी आंद्रेई वोरोब्योव के मुताबिक, एक निजी मकान को निशाना बनाए जाने से दो लोग घायल हुए, जिनमें नौ साल का एक बच्चा भी शामिल है।

यूक्रेन में रूसी हमले में बच्चे की मौत
दूसरी ओर, दक्षिण-पूर्वी यूक्रेन के मारहानत्स शहर में रूसी ड्रोन हमले में एक अपार्टमेंट इमारत को निशाना बनाया गया। स्थानीय अधिकारियों के अनुसार, हमले में तीन महीने के एक बच्चे की मौत हो गई, जबकि 11 लोग घायल हुए। यूक्रेन की वायुसेना ने दावा किया कि रूस ने शनिवार को यूक्रेन पर 152 ड्रोन दागे, जिनमें से 124 को नष्ट कर दिया गया।

लंबी दूरी के हमले बढ़े
यूक्रेन के अधिकांश हमलों की मारक क्षमता पहले 200 किलोमीटर से कम मानी जाती थी, लेकिन हाल के महीनों में लंबी दूरी के हमलों में तेजी आई है। स्वतंत्र संघर्ष निगरानी संस्था ACLED के आंकड़ों के अनुसार, जुलाई में यूक्रेन ने इस तरह के हमले जनवरी की तुलना में करीब तीन गुना अधिक किए। रूस के भीतर लगातार दूर तक किए जा रहे हमलों ने रूसी सेना के सामने भी चुनौती बढ़ा दी है। उसे बड़े इलाके में अपनी वायु रक्षा व्यवस्था तैनात करनी पड़ रही है। रूस-यूक्रेन युद्ध के पांचवें साल में प्रवेश के बीच दोनों पक्षों के हमले अब पहले की तुलना में कहीं अधिक दूर तक पहुंच रहे हैं। 

और पढ़ें: मेलोनी को सत्ता दिलाने वाली युवा पीढ़ी अब बनी मुसीबत, सर्वे में बड़ा उलटफेर

Written by Shailesh Yadav