Monsoon Hair Care: मानसून के दौरान मौसम में नमी बढ़ने के कारण सिर की त्वचा पर पसीना, धूल और अतिरिक्त तेल जमा होने लगता है। यही वजह है कि कई लोगों को इस मौसम में खुजली, रूखापन और डैंड्रफ जैसी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। ऐसे में सिर्फ बालों की सफाई ही नहीं, बल्कि स्कैल्प को साफ रखना भी जरूरी हो जाता है। स्कैल्प की डीप क्लीनिंग के लिए आप महंगे प्रोडक्ट्स की जगह घर में मौजूद कुछ आसान चीजों का इस्तेमाल कर सकते हैं। ओट्स, एलोवेरा जेल और दही से तैयार किया गया स्कैल्प स्क्रब जमा गंदगी हटाने में मदद कर सकता है।

स्कैल्प स्क्रब बनाने के लिए चाहिए ये चीजें।

सामग्री:

1 बड़ा चम्मच बारीक पिसा हुआ ओट्स
1 बड़ा चम्मच एलोवेरा जेल
1 बड़ा चम्मच दही

बनाने का तरीका

एक साफ कटोरी में ओट्स पाउडर, एलोवेरा जेल और दही को अच्छी तरह मिला लें। ध्यान रखें कि मिश्रण ना ज्यादा पतला हो और ना ही बहुत गाढ़ा। तैयार पेस्ट को कुछ मिनट के लिए छोड़ दें ताकि सभी चीजें अच्छी तरह मिल जाएं।

स्कैल्प पर कैसे लगाएं?

सबसे पहले बालों को हल्का गीला कर लें। इसके बाद बालों को छोटे-छोटे हिस्सों में बांटकर स्क्रब को सीधे स्कैल्प पर लगाएं।
उंगलियों के पोरों की मदद से करीब 5 मिनट तक हल्के हाथों से मसाज करें। ध्यान रखें कि नाखूनों का इस्तेमाल ना करें, क्योंकि इससे स्कैल्प पर जलन या खरोंच हो सकती है।
मसाज के बाद इसे कुछ मिनट के लिए छोड़ दें और फिर साफ पानी से अच्छी तरह धो लें। जरूरत महसूस होने पर हल्का शैंपू भी किया जा सकता है।

स्कैल्प स्क्रब के फायदे

ओट्स स्कैल्प पर जमा गंदगी और मृत कोशिकाओं को धीरे-धीरे हटाने में मदद कर सकता है। एलोवेरा स्कैल्प को ठंडक देने के साथ नमी बनाए रखने में सहायक होता है। वहीं, दही में मौजूद लैक्टिक एसिड त्वचा की सफाई में मदद कर सकता है।

कितनी बार इस्तेमाल करें?

स्कैल्प को बार-बार स्क्रब करने से बचना चाहिए। इसे कभी-कभी इस्तेमाल करना ही बेहतर रहता है। अगर आपकी स्कैल्प सेंसिटिव है तो पहले थोड़ी मात्रा में लगाकर पैच टेस्ट जरूर करें। अगर इस्तेमाल के बाद खुजली, जलन या लालिमा बढ़ती है तो इसे तुरंत धो लें और दोबारा इस्तेमाल करने से बचें।

ध्यान रखें कि डैंड्रफ के कारण अलग-अलग हो सकते हैं। अगर समस्या ज्यादा बढ़ रही है, लगातार खुजली हो रही है या स्कैल्प पर लाल निशान दिखाई दे रहे हैं, तो घरेलू उपायों की जगह त्वचा विशेषज्ञ से सलाह लेना बेहतर रहेगा।

Written By: Sushma Pandey