Nagpur: महाराष्ट्र के नागपुर में सोमवार तड़के क्लोरीन गैस लीक होने से हड़कंप मच गया। यह घटना गोधनी इलाके के एक वॉटर फिल्टर प्लांट में हुई, जहां से गैस का रिसाव होने के बाद आसपास रहने वाले लोगों को सांस लेने में परेशानी होने लगी। घटना के बाद करीब 40 लोगों को अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। इनमें कुछ लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
वॉटर प्लांट से हुआ क्लोरीन गैस का रिसाव
जानकारी के मुताबिक, गोधनी ग्राम पंचायत क्षेत्र में स्थित वॉटर फिल्टर प्लांट में रविवार और सोमवार की दरमियानी रात क्लोरीन गैस का रिसाव हुआ। गैस फैलने के बाद आसपास के लोगों ने सांस लेने में परेशानी की शिकायत की। प्लांट के कर्मचारियों के साथ-साथ आसपास रहने वाले लोग भी इसकी चपेट में आए।
रिपोर्ट के मुताबिक, प्रभावित लोगों में प्लांट के करीब 8 से 10 कर्मचारी और आसपास के 20 से 25 स्थानीय निवासी शामिल हैं। करीब 40 लोगों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। इनमें 4 से 5 लोगों को ICU में भर्ती किए जाने की जानकारी है।
200 मीटर का इलाका कराया गया खाली
गैस रिसाव की सूचना मिलते ही प्रशासन और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। एहतियात के तौर पर गैस लीक वाली जगह के आसपास करीब 200 मीटर के दायरे को खाली कराया गया और लोगों को सुरक्षित स्थानों पर भेजा गया।
यह भी पढ़ें:चीन जा रहे अजीत डोभाल के एजेंडे में क्या? LAC से लेकर भारत-चीन रिश्तों तक, क्यों अहम है NSA का बीजिंग दौरा
स्थिति को नियंत्रित करने के लिए राहत और बचाव अभियान चलाया गया। रिपोर्टों के मुताबिक, एनडीआरएफ की टीम भी मौके पर पहुंची और गैस रिसाव को नियंत्रित करने की कार्रवाई में जुटी।
कैसे हुआ गैस रिसाव? जांच जारी
फिलहाल क्लोरीन गैस लीक होने की सटीक वजह सामने नहीं आई है। प्रशासन और संबंधित विभाग मामले की जांच कर रहे हैं। अधिकारियों का प्रयास है कि गैस के कारण आसपास के दूसरे इलाकों में लोगों को परेशानी न हो।
फिलहाल प्रभावित लोगों का अस्पतालों में इलाज और निगरानी जारी है। घटना के बाद इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है।