Saudi Arabia: अगर आप भी सऊदी अरब जाने की सोच रहे है तो यह खबर आपके काम की हो सकती है। मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव और सुरक्षा संबंधी चिंताओं के बीच IndiGo, Air India और Akasa Air समेत कई एयरलाइंस ने सऊदी अरब के लिए अपनी उड़ानों को रद्द करने या उनके संचालन पर अस्थायी रोक लगाने का फैसला किया है।

माना जा रहा है कि इस फैसले से बड़ी संख्या में यात्रियों की चिंता बढ़ सकती है। सऊदी अरब में काम, पढ़ाई और कारोबार के सिलसिले में बड़ी संख्या में भारतीय रहते है। चलिए आपको बताते है इससे जुड़ी सभी जानकारी।

सऊदी अरब की उड़ानें क्यों हो रही है रद्द

दरअसल, सऊदी अरब और आसपास के क्षेत्र में सुरक्षा स्थिति बिगड़ने के बाद हवाई यातायात प्रभावित हुआ है। यमन के हूती विद्रोहियों की ओर से किए गए मिसाइल और ड्रोन हमलों के बाद रियाद एयरपोर्ट के संचालन पर भी असर पड़ा।

हूती विद्रोहियों के इस हमले में 1 भारतीय की भी मौत हो गई थी। यही कारण है कि विमान कंपनियों द्वारा लगातार उड़ानों को रद्द किया जा रहा है।

इंडिगो ने इस तारीख तक रद्द की सभी उड़ाने

इंडिगो ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर जानकारी देते हुए लिखा, यात्रा परामर्श सऊदी अरब में बदलती परिस्थितियों का सावधानीपूर्वक आकलन करने के बाद, रियाद, जेद्दा, दम्माम और मदीना से आने-जाने वाली उड़ानें 24 अक्टूबर 2026 (इस तारीख सहित) तक रद्द कर दी गई हैं।

प्रभावित ग्राहकों को बुकिंग के समय दी गई संपर्क जानकारी के माध्यम से समय रहते सूचित किया जा रहा है।
जिन ग्राहकों ने ट्रैवल पार्टनर्स के ज़रिए बुकिंग की है, उनसे अनुरोध है कि वे सहायता के लिए सीधे अपने ट्रैवल पार्टनर से संपर्क करें। हमारे ग्राहकों और क्रू की सुरक्षा और भलाई हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है।

एयर इंडिया ने जारी की एडवाइजरी

एयर इंडिया ने अपने एक्स हैंडल पर लिखा, सऊदी अरब में बदलती परिस्थितियों को देखते हुए, रियाद, दम्माम और जेद्दा से आने-जाने वाली एयर इंडिया की सभी उड़ानें 20 अक्टूबर 2026 तक रद्द कर दी गई हैं। हम हालात पर लगातार नज़र रखे हुए हैं और उड़ानों को सुरक्षित रूप से फिर से शुरू करने के लिए स्थिति का लगातार आकलन कर रहे हैं।

इन उड़ानों के रद्द होने से प्रभावित यात्रियों को पूरा रिफंड दिया जा रहा है। एयर इंडिया के लिए, हमारे यात्रियों और क्रू की सुरक्षा सबसे बड़ी प्राथमिकता है।