कई बार ऑनलाइन मीटिंग करनी हो, पढ़ाई को लेकर बातचीत करनी हो या दोस्तों से वीडियो कॉल पर बात करनी हो, तो WhatsApp अकाउंट न होने की वजह से परेशानी आती है। अब इस समस्या को दूर करने के लिए WhatsApp ने गेस्ट कॉलिंग फीचर पेश किया है। इसकी मदद से आप ऐसे लोगों को भी कॉल में शामिल होने का न्योता दे सकते हैं, जो WhatsApp इस्तेमाल नहीं करते।
इस फीचर में आपको एक कॉल लिंक बनाकर दूसरे व्यक्ति के साथ शेयर करना होता है। इसके जरिए लोग बिना WhatsApp अकाउंट बनाए भी कॉल से जुड़ सकते हैं। कंपनी के अनुसार, इन कॉल्स में एंड-टू-एंड एन्क्रिप्शन की सुविधा मिलती है और कॉल करने के लिए अलग से कोई शुल्क या समय सीमा नहीं है। आइए, जानते हैं कि यह फीचर कैसे काम करता है और इसका इस्तेमाल कैसे किया जा सकता है।
क्या है WhatsApp का गेस्ट कॉलिंग फीचर?
इस फीचर की मदद से WhatsApp यूजर उन लोगों को भी वॉयस या वीडियो कॉल में बुला सकते हैं, जिनका इस प्लेटफॉर्म पर अकाउंट नहीं है। कॉल शुरू करने और उसका लिंक बनाने का काम WhatsApp अकाउंट रखने वाला व्यक्ति ही कर सकता है। लिंक मिलने के बाद गेस्ट उसे अपने मोबाइल या कंप्यूटर के ब्राउजर में खोल सकते हैं। इसके बाद उन्हें अपना नाम दर्ज करना होगा। हालांकि, लिंक खोलते ही वे सीधे कॉल में शामिल नहीं होंगे। पहले उन्हें वेटिंग रूम में इंतजार करना पड़ेगा। होस्ट की अनुमति मिलने के बाद ही वे कॉल में शामिल हो पाएंगे। अगर जरूरत पड़े, तो होस्ट किसी गेस्ट को कॉल से बाहर भी कर सकता है।
गेस्ट कॉल में प्राइवेसी का भी रखा गया है ध्यान
WhatsApp के मुताबिक, गेस्ट कॉलिंग के दौरान होने वाली बातचीत एंड-टू-एंड एन्क्रिप्शन से सुरक्षित रहती है। इस फीचर के जरिए ग्रुप कॉल में एक साथ अधिकतम 32 लोगों को शामिल किया जा सकता है। गेस्ट की पहुंच को सीमित रखने के लिए कुछ नियम भी तय किए गए हैं। वे कॉल में मौजूद दूसरे लोगों के फोन नंबर नहीं देख सकते। इसके अलावा, उन्हें मैसेज भेजने या अपनी मर्जी से किसी दूसरे व्यक्ति को कॉल में जोड़ने की सुविधा भी नहीं मिलती।
हालांकि, गेस्ट कॉल के दौरान कुछ दूसरे फीचर्स का इस्तेमाल कर सकते हैं। वे अपने कंप्यूटर की स्क्रीन शेयर कर सकते हैं, थम्स-अप और हार्ट जैसे इमोजी के जरिए प्रतिक्रिया दे सकते हैं। इसके अलावा, अगर वे बातचीत के दौरान कुछ कहना चाहते हैं, तो Raise Hand विकल्प का इस्तेमाल करके अपनी बारी का संकेत दे सकते हैं।
WhatsApp पर गेस्ट कॉलिंग लिंक कैसे बनाएं?
इस फीचर का इस्तेमाल करना काफी आसान है। इसके लिए आपको नीचे दिए गए स्टेप्स फॉलो करने होंगे।
- सबसे पहले अपने फोन में WhatsApp खोलें।
- अब Calls टैब पर जाएं और ऊपर दिखाई देने वाले प्लस (+) आइकन पर टैप करें।
- यहां New Call Link का विकल्प चुनें।
- अपनी जरूरत के हिसाब से वॉयस कॉल या वीडियो कॉल का विकल्प चुनें।
- अगर आप चाहते हैं कि लोग आपकी अनुमति के बाद ही कॉल में शामिल हों, तो उपलब्ध परमिशन सेटिंग को जरूरत के मुताबिक चालू करें।
- इसके बाद कॉल लिंक कॉपी करें और उसे WhatsApp या किसी दूसरे मैसेजिंग ऐप के जरिए उन लोगों को भेज दें, जिन्हें आप कॉल में बुलाना चाहते हैं।
लिंक मिलने के बाद दूसरा व्यक्ति अपने मोबाइल या कंप्यूटर के ब्राउजर में इसे खोल सकता है। नाम दर्ज करने के बाद उसे वेटिंग रूम में इंतजार करना होगा। होस्ट की मंजूरी मिलते ही वह कॉल का हिस्सा बन सकेगा।
ये भी पढ़ें- Apple HomeView भारत में लॉन्च... 7 इंच की स्क्रीन और Siri AI समेत मिलेंगे ये खास फीचर्स
किन लोगों के लिए उपयोगी है यह फीचर?
WhatsApp का गेस्ट कॉलिंग फीचर खास तौर पर उन लोगों के लिए काम का हो सकता है, जिन्हें ऑनलाइन मीटिंग, पढ़ाई या किसी जरूरी चर्चा के लिए ऐसे व्यक्ति को जोड़ना होता है, जो WhatsApp इस्तेमाल नहीं करता। इससे हर व्यक्ति के लिए अलग से अकाउंट बनाना जरूरी नहीं होगा और कॉल लिंक शेयर करके बातचीत शुरू करना आसान हो जाएगा।