Tesla ने अपनी चर्चित इलेक्ट्रिक स्पोर्ट्स कार Roadster के नए मॉडल की जानकारी दी है। बता दें कि साल 2017 में इसका कॉन्सेप्ट सामने आया था, जिसके बाद से लोग इसके नए वर्जन का इंतजार कर रहे थे। अब कंपनी ने इसके तीन वेरिएंट पेश किए हैं, जिनके नाम Performance, Thrust और Rocket हैं। इनमें Rocket वेरिएंट सबसे अलग है, क्योंकि इसमें खास थ्रस्टर तकनीक दी गई है। कंपनी के मुताबिक, यह तकनीक कार को हवा में उठाने और फ्लिप व बैरल रोल जैसे करतब करने में मदद कर सकती है।

Tesla ने एक लाइव वेबकास्ट के जरिए कार की इन खास खूबियों का प्रदर्शन भी किया। कंपनी का दावा है कि इसके सबसे तेज Rocket वेरिएंट को 0 से 60 मील प्रति घंटा (करीब 97 किमी/घंटा) की रफ्तार तक पहुंचने में 0.59 सेकंड से भी कम समय लगेगा। हालांकि, अभी यह कॉन्सेप्ट स्टेज में है। कंपनी ने इसका प्रोडक्शन 2028 में शुरू करने का लक्ष्य रखा है और रिजर्वेशन भी शुरू कर दिए हैं।

Tesla Roadster के तीनों वेरिएंट में क्या होगा खास?

Performance वेरिएंट

यह दो सीटों वाली कार होगी, जिसे सामान्य सड़कों पर चलाने के लिए तैयार किया गया है। इसमें एक्टिव एयरोडायनामिक्स और खास सक्शन सिस्टम मिलेगा। कंपनी के अनुसार, यह कार 1.6 सेकंड से भी कम समय में 0 से 60 मील प्रति घंटा की रफ्तार पकड़ सकती है।

Thrust वेरिएंट

इस मॉडल में भी दो सीटें होंगी, लेकिन इसमें पीछे की तरफ कोल्ड-गैस थ्रस्टर लगाए जाएंगे। ये थ्रस्टर अतिरिक्त ताकत पैदा करने में मदद करेंगे। इसे खास तौर पर ट्रैक पर बेहतर प्रदर्शन के लिए तैयार किया गया है। Tesla का दावा है कि यह वेरिएंट 0 से 60 मील प्रति घंटा की रफ्तार 0.9 सेकंड से कम समय में हासिल कर सकता है।

Rocket वेरिएंट

यह तीनों में सबसे खास और अलग मॉडल है। इसमें सिर्फ एक सीट होगी और कार के चारों ओर विशेष थ्रस्टर लगाए जाएंगे। इनकी मदद से कार को तेजी से आगे बढ़ाने के साथ ऊपर उठाने और घुमाने जैसी गतिविधियां करने में मदद मिलने का दावा किया गया है। कंपनी के मुताबिक, Rocket वेरिएंट 0 से 60 मील प्रति घंटा की रफ्तार 0.59 सेकंड से भी कम समय में पकड़ सकता है। इसकी अधिकतम रफ्तार 230 मील प्रति घंटा यानी करीब 370 किमी/घंटा से ज्यादा बताई गई है।

Tesla का दावा है कि तीनों वेरिएंट एक बार चार्ज करने पर 300 मील यानी लगभग 483 किलोमीटर से ज्यादा की दूरी तय कर सकेंगे। हालांकि, असल प्रदर्शन और रेंज की पुष्टि अंतिम प्रोडक्शन मॉडल आने के बाद ही हो सकेगी।

कैसे काम करेंगे कार के थ्रस्टर और सक्शन सिस्टम?

नई Roadster में सिर्फ टायरों की पकड़ पर निर्भर रहने के बजाय अतिरिक्त ताकत और ग्रिप देने वाली तकनीक का इस्तेमाल किया गया है। इसमें सक्शन सिस्टम और कोल्ड-गैस थ्रस्टर अहम भूमिका निभाएंगे। सक्शन सिस्टम कार को सड़क की सतह की ओर खींचकर उसकी पकड़ बढ़ाने के लिए बनाया गया है। वहीं, कोल्ड-गैस थ्रस्टर दबाव में रखी गैस को तेजी से बाहर निकालते हैं, जिससे धक्का पैदा होता है। इसी ताकत का इस्तेमाल कार की गति और दिशा को प्रभावित करने के लिए किया जा सकता है।

Tesla का कहना है कि थ्रस्टर सिस्टम से मिलने वाला बल टायरों से मिलने वाले बल के मुकाबले चार से पांच गुना तक हो सकता है। इस तकनीक को कार में इस्तेमाल करने के लिए SpaceX की तकनीक को नए हार्डवेयर और कंट्रोल सिस्टम के साथ ढाला गया है। गैस को सुरक्षित रखने के लिए कार्बन फाइबर से बने खास प्रेशर टैंक इस्तेमाल किए जाएंगे।

फाइटर जेट से प्रेरित है कार का डिजाइन

नई Roadster के बाहरी डिजाइन में SR-71 और F-35 जैसे विमानों की झलक देखने को मिलती है। इसकी बॉडी को शार्प लुक दिया गया है। इसमें छिपी हुई हेडलाइट्स, पीछे की तरफ पूरी चौड़ाई में फैली लाइट और चिकनी सतहों का इस्तेमाल किया गया है। ट्रैक मोड में कार का पिछला विंग बाहर निकलता है, जिससे तेज रफ्तार पर हवा के दबाव को संभालने में मदद मिलती है। इस विंग के मैकेनिज्म में Tesla के Optimus प्रोग्राम की एक्चुएटर तकनीक का इस्तेमाल किए जाने की बात कही गई है। कंपनी का दावा है कि कार का एयरोडायनामिक डाउनफोर्स Formula 1 कारों के स्तर के करीब होगा।

केबिन में भी मिलेगा प्रीमियम टच

कार के अंदर सफेद रंग का केबिन, ग्रे माइक्रोसुएड फिनिश और शरीर को बेहतर सपोर्ट देने वाली सीटें दी गई हैं। वजन कम रखने के लिए मैग्नीशियम, टाइटेनियम और कार्बन फाइबर जैसी हल्की लेकिन मजबूत सामग्री का इस्तेमाल किया गया है। Rocket वेरिएंट में सीट फिक्स्ड होगी। इसका मतलब है कि इसे सामान्य सीटों की तरह आगे-पीछे एडजस्ट नहीं किया जा सकेगा। यह व्यवस्था कार के वजन और ड्राइविंग से जुड़े खास उद्देश्यों को ध्यान में रखकर की गई है।

ये भी पढ़ें- Ferrari की पहली इलेक्ट्रिक कार Luce की भारत में एंट्री, जानिए क्या है खास और कब शुरू होगी बिक्री

2028 में शुरू हो सकता है प्रोडक्शन

Tesla ने नई Roadster का प्रोडक्शन 2028 में शुरू करने का लक्ष्य रखा है। कंपनी ने रिजर्वेशन लेना शुरू कर दिया है, लेकिन कार की अंतिम तकनीकी जानकारी, कीमत और डिलीवरी से जुड़ी पूरी जानकारी अभी सामने आना बाकी है। फिलहाल, इसके बताए गए फीचर्स और प्रदर्शन के आंकड़ों को कंपनी के दावों के तौर पर ही देखना चाहिए। प्रोडक्शन मॉडल आने के बाद ही पता चलेगा कि यह इलेक्ट्रिक स्पोर्ट्स कार असल में कितनी तेज दौड़ती है और इसके खास थ्रस्टर सिस्टम कितने प्रभावी साबित होते हैं।