Lahore AQI: पाकिस्तान के लाहौर में वायु प्रदूषण एक बार फिर खतरनाक स्तर पर पहुंच गया है। शुक्रवार सुबह शहर का एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 465 दर्ज किया गया। इस स्तर के साथ लाहौर एक बार फिर दुनिया का सबसे प्रदूषित शहर बन गया। प्रदूषण का असर सिर्फ लाहौर तक सीमित नहीं है, बल्कि पाकिस्तान के पंजाब प्रांत के कई दूसरे शहरों की हवा भी जहरीली बनी हुई है।

स्थानीय मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, शुक्रवार सुबह 7 से 8 बजे के बीच लाहौर का AQI 465 रिकॉर्ड किया गया। स्वास्थ्य के लिहाज से यह बेहद गंभीर स्थिति है। खासतौर पर बच्चों, बुजुर्गों और सांस या दिल की बीमारी से जूझ रहे लोगों के लिए प्रदूषित हवा बड़ा खतरा बन सकती है।

पंजाब के दूसरे शहरों में भी बिगड़े हालात

लाहौर के अलावा पाकिस्तान के कई शहरों में भी वायु गुणवत्ता खराब दर्ज की गई। सरगोधा में AQI 289, सियालकोट में 232, रहीम यार खान में 228 और बहावलपुर में 198 रहा। पाकिस्तानी अखबार डॉन की रिपोर्ट के अनुसार, पंजाब के कई इलाकों में प्रदूषण लगातार चिंता का विषय बना हुआ है। प्रदूषण से बचने के लिए लोगों को अनावश्यक रूप से घर से बाहर नहीं निकलने, खिड़कियां बंद रखने और बाहर जाते समय सुरक्षात्मक मास्क पहनने की सलाह दी गई है। घर के अंदर एयर प्यूरीफायर के इस्तेमाल को भी उपयोगी बताया गया है। हवा में मौजूद पीएम2.5 जैसे बेहद छोटे कण सांस के जरिए शरीर में पहुंच सकते हैं। लंबे समय तक इनके संपर्क में रहने से फेफड़ों और हृदय से जुड़ी बीमारियों का खतरा बढ़ सकता है।

कार्रवाई के बावजूद प्रदूषण पर काबू नहीं

पंजाब सरकार प्रदूषण फैलाने वाले स्रोतों के खिलाफ कार्रवाई कर रही है। खासतौर पर नियमों का पालन नहीं करने वाले ईंट भट्ठों को निशाने पर लिया गया है। हालांकि, इन कदमों के बावजूद वायु गुणवत्ता में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ है। पंजाब के पर्यावरण संरक्षण एवं जलवायु परिवर्तन विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, 1 जनवरी से 18 नवंबर के बीच राज्य में ईंट भट्ठों का 84,370 बार निरीक्षण किया गया। इस दौरान 1,429 भट्ठों को ध्वस्त किया गया और 968 को सील किया गया। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ 1,248 एफआईआर दर्ज की गईं। इसके अलावा अधिकारियों ने करीब 17.8 करोड़ पाकिस्तानी रुपये का जुर्माना भी लगाया। इतनी बड़ी कार्रवाई के बाद भी प्रदूषण का स्तर ऊंचा बना रहना प्रशासन के सामने चुनौती को दिखाता है।

पाकिस्तान में हर साल 1.28 लाख लोगों की समय से पहले मौत

पाकिस्तान एयर क्वालिटी इनिशिएटिव (PAQI) की पिछले महीने आई रिपोर्ट में वायु प्रदूषण के गंभीर नतीजों को सामने रखा गया था। रिपोर्ट के मुताबिक, प्रदूषण के कारण पाकिस्तान में लोगों की औसत जीवन प्रत्याशा करीब 3.9 साल कम हो रही है। इसके चलते हर साल लगभग 1.28 लाख लोगों की समय से पहले मौत होने का अनुमान है। रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि वायु प्रदूषण से पाकिस्तान की अर्थव्यवस्था पर सकल घरेलू उत्पाद (GDP) के करीब 6.5 प्रतिशत के बराबर आर्थिक बोझ पड़ता है। लाहौर के मामले में स्थिति और चिंताजनक बताई गई है। वहां लंबे समय तक प्रदूषित हवा में सांस लेने से लोगों की जीवन प्रत्याशा सात साल तक घट सकती है।

लाहौर में प्रदूषण की सबसे बड़ी वजह परिवहन

'अनवीलिंग पाकिस्तान्स एयर पॉल्यूशन: ए नेशनल लैंडस्केप रिपोर्ट ऑन हेल्थ रिस्क्स, सोर्सेज एंड सॉल्यूशंस' नाम की रिपोर्ट में पाकिस्तान के अलग-अलग क्षेत्रों से होने वाले प्रदूषण का आकलन किया गया है। इसमें कराची, इस्लामाबाद, रावलपिंडी, लाहौर और पेशावर जैसे शहरों को शामिल किया गया।
रिपोर्ट के अनुसार, लाहौर में पीएम 2.5 का वार्षिक औसत स्तर 110 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर से अधिक है। यह विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) की पांच माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर की वार्षिक गाइडलाइन से 22 गुना से भी ज्यादा है। रिपोर्ट में कार्बन डाइऑक्साइड, पीएम2.5, नाइट्रोजन ऑक्साइड और सल्फर डाइऑक्साइड जैसे प्रदूषकों का क्षेत्रवार आकलन किया गया है। साथ ही ऐसे उपाय सुझाए गए हैं, जिनसे उत्सर्जन में 50 प्रतिशत तक कमी लाने की संभावना जताई गई है।

 

यह भी पढ़ें: पाकिस्तान के होंगे दो फाड़! Bilawal Bhutto की शहबाज और मुल्ला मुनीर को दो टूक, बोले - "खून बहेगा"