तेहरान: ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेज़ेशकियन ने शनिवार को करज स्थित सीड एंड प्लांट इम्प्रूवमेंट इंस्टीट्यूट में 2026–2027 कृषि वर्ष के उद्घाटन समारोह से जुड़े कार्यक्रम में हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने कहा कि तेहरान को "धौंस जमाने और अनुचित व्यवहार" के खिलाफ मजबूती से खड़ा होना चाहिए और देश के विकास के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस जैसी आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल करना चाहिए।

हम धौंस और अनुचित व्यवहार के आगे सिर नहीं झुकाएंगे

सभा को संबोधित करते हुए राष्ट्रपति पेज़ेशकियन ने वैज्ञानिक और तकनीकी प्रगति के महत्व पर जोर दिया और विज्ञान, तकनीकी नवाचार एवं कृषि उत्पादन को बेहतर बनाने की जरूरत बताई। उन्होंने कहा कि, "हमें धौंस और अनुचित व्यवहार के आगे सिर नहीं झुकाना चाहिए।" ईरान की वैश्विक वैज्ञानिक स्थिति और औद्योगिक उत्पादन को बढ़ाने के लिए आधुनिक इनोवेशन बहुत जरूरी है।

आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की क्षमताओं पर डाला प्रकाश

राष्ट्रपति ने ईरान की मौजूदा तकनीकी क्षमताओं, खासकर असेंबली के काम और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस में क्षमताओं पर प्रकाश डालते हुए कहा कि इन संसाधनों का और बेहतर तरीके से इस्तेमाल किया जाना चाहिए। इस दौरान लोगों को संबोधित करते हुए पेज़ेशकियन ने सवाल किया कि "हमारे विशेषज्ञ दुनिया के सबसे अच्छे असेंबलर्स में से हैं और हमारे पास आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के क्षेत्र में भी बेहतरीन लोग हैं। हम सबसे अच्छी तकनीक का इस्तेमाल क्यों न करें?" उन्होंने अधिकारियों से कहा कि वे "मौजूदा तरीकों की बारीकी से जांच करें ताकि यह पता चल सके कि क्या उनसे सबसे अच्छे नतीजे मिल रहे हैं।"