Pakistan News: पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान काफी समय से जेल में बंद हैं। उनका स्वास्थ्य भी लगातार गिरता जा रहा है। कुछ दिन पहले ही उन्हें चेकअप के लिए जेल से बाहर लाया गया था। लेकिन फिर से उन्हें जेल की सलाखों के पीछे भेज दिया गया। अब अपनी बिगड़ती सेहत से परेशान इमरान खान ने पाकिस्तान में 3 बड़ी अदालतों के जजों को चिट्ठी लिखी है। यहां आपको बता दें कि इमरान तोशखाना केस में अगस्त 2023 से रावलपिंडी की अडियाला जेल में बंद हैं।

बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की मांग

पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री और पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (PTI) के संस्थापक इमरान खान ने जेल से देश की न्यायपालिका के तीन शीर्ष न्यायाधीशों को खुला पत्र लिखकर अपनी और पत्नी बुशरा बीबी की बिगड़ती सेहत को लेकर चिंता जताई है। उन्होंने तत्काल बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की मांग की है। 16 नवंबर 2026 को लिखे पत्र में इमरान खान ने कहा कि, उनकी स्वास्थ्य स्थिति लगातार बिगड़ रही है।

 

डॉक्टरों ने उन्हें ब्रेन हैमरेज तथा कार्डियक अरेस्ट का खतरा बताया है। उन्होंने आशंका जताई कि 74 साल की उम्र में मौजूदा हालात उन्हें ऐसी स्थिति में पहुंचा सकते हैं, जहां से वह जिंदा वापस न लौट पाएं। यह पत्र उनके वकील बैरिस्टर सलमान सफदर के माध्यम से साझा किया गया। वकील के मुताबिक 11 नवंबर को अदियाला जेल में मुलाकात के दौरान इमरान खान ने उन्हें यह संदेश पहुंचाने के निर्देश दिए थे।

किन तीन जजों को लिखी चिट्ठी?

इमरान खान ने पाकिस्तान के तीन शीर्ष न्यायिक संस्थानों के मुख्य न्यायाधीशों को पत्र संबोधित किया है:

फेडरल कॉन्स्टिट्यूशनल कोर्ट (FCC)

पाकिस्तान सुप्रीम कोर्ट (SC)

इस्लामाबाद हाई कोर्ट (IHC)


85 फीसदी तक आंखों की रोशनी जाने का दावा

इमरान खान ने पत्र में दावा किया कि उनकी दाईं आंख की लगभग 85 फीसदी रोशनी जा चुकी है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि उन्हें लंबे समय तक एकांत कारावास में रखा गया और दिन में करीब 22 घंटे तक अकेले रहना पड़ता है। उन्होंने अपने बढ़ते ब्लड प्रेशर का जिक्र करते हुए बताया कि 10 नवंबर को उनका रक्तचाप 192-193 तक पहुंच गया था। उनके मुताबिक, डॉक्टरों ने ब्रेन हैमरेज और दिल का दौरा पड़ने की आशंका जताई है। ये सभी बातें इमरान खान के पत्र में किए गए दावे हैं।

पत्नी बुशरा बीबी की सेहत पर भी जताई चिंता

इमरान खान ने अपनी पत्नी बुशरा बीबी की आंखों की समस्या को लेकर भी चिंता जाहिर की। उन्होंने दावा किया कि अप्रैल 2026 में उनकी पत्नी की रेटिना अलग हो गई थी, जिसके बाद उनकी सर्जरी हुई। इमरान के अनुसार, बुशरा बीबी को दोबारा सर्जरी की जरूरत पड़ सकती है और इलाज नहीं मिलने पर उनकी आंखों की रोशनी स्थायी रूप से जा सकती है।

सुप्रीम कोर्ट के आदेश का पालन नहीं होने का आरोप

इमरान खान ने पत्र में आरोप लगाया कि 18 अगस्त को सुप्रीम कोर्ट ने उन्हें इस्लामाबाद के शिफा इंटरनेशनल अस्पताल में स्थानांतरित करने और मेडिकल बोर्ड से जांच कराने का आदेश दिया था, लेकिन इसका पूरी तरह पालन नहीं किया गया। उन्होंने न्यायाधीशों से अपील की है कि अदालत के आदेश लागू कराए जाएं और उन्हें तथा उनकी पत्नी को उचित चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए।

सरकार ने क्या कहा?

इमरान खान के आरोपों पर पाकिस्तानी सरकार की ओर से अलग पक्ष भी सामने आया है। एसोसिएटेड प्रेस की रिपोर्ट के अनुसार, एक सरकारी मंत्री ने कहा कि इमरान खान की आठ बार चिकित्सा जांच की गई है और उनकी स्वास्थ्य रिपोर्ट तथा ब्लड प्रेशर संतोषजनक रहे हैं। सरकार ने जेल में दुर्व्यवहार के आरोपों को खारिज किया है।

 

यह भी पढ़ें: मंच पर आपा खो बैठे चाचा रामगोपाल यादव? समर्थकों को मूर्ख कहकर खरी खोटी सुनाई