Educational Technology: जिस उम्र में ज्यादातर बच्चे अपने करियर और भविष्य को लेकर उलझन में रहते हैं, उस उम्र में अमेरिका के वर्जीनिया निवासी 17 वर्षीय क्रिस कियान ने समाज में बदलाव की एक अनोखी मिसाल पेश की है। उन्होंने बेकार पड़े पुराने कंप्यूटरों को नया जीवन देकर हजारों जरूरतमंद बच्चों को डिजिटल शिक्षा से जोड़ने का काम किया है। उनकी इस पहल का नाम 'ReTech for Kids' है, जिसके जरिए अब तक 2,000 बच्चों को रिफर्बिश्ड कंप्यूटर उपलब्ध कराए जा चुके हैं। इस सामाजिक योगदान के लिए उन्हें प्रतिष्ठित डायना अवॉर्ड 2026 से सम्मानित किया गया है।
14 साल की उम्र में शुरू की मुहिम
क्रिस ने महज 14 साल की उम्र में महसूस किया कि एक ओर बड़ी संख्या में पुराने कंप्यूटर कबाड़ में फेंक दिए जाते हैं, वहीं दूसरी ओर कई बच्चों के पास पढ़ाई के लिए कंप्यूटर तक नहीं है। इसी डिजिटल असमानता को दूर करने के उद्देश्य से उन्होंने एक गैर-लाभकारी संस्था की शुरुआत की। आज इस अभियान से 100 से अधिक युवा वॉलंटियर्स जुड़ चुके हैं।
ऐसे पुराने कंप्यूटर बनते हैं उपयोगी
रीटेक फॉर किड्स कंपनियों और लोगों से पुराने कंप्यूटर इकट्ठा करती है। इसके बाद वॉलंटियर्स उनकी मरम्मत और अपग्रेड करते हैं। कंप्यूटरों में SSD और RAM लगाई जाती है, हार्डवेयर की सफाई होती है और हल्के लिनक्स ऑपरेटिंग सिस्टम इंस्टॉल किए जाते हैं। क्रिस बच्चों के लिए ReTechOS नाम का विशेष ऑपरेटिंग सिस्टम भी विकसित कर रहे हैं।
5,000 डॉलर का पुरस्कार और अंतरराष्ट्रीय सम्मान
क्रिस को 2026 में वर्मोंट विश्वविद्यालय की पिच चैलेंज प्रतियोगिता में दूसरा स्थान मिला और 5,000 डॉलर की पुरस्कार राशि हासिल हुई। इसके अलावा डायना अवॉर्ड ने उनके सामाजिक योगदान को अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाई।
शिक्षा के साथ पर्यावरण को भी फायदा
यह पहल केवल बच्चों को कंप्यूटर उपलब्ध कराने तक सीमित नहीं है। इससे इलेक्ट्रॉनिक कचरा कम करने और युवाओं को तकनीकी कौशल सिखाने में भी मदद मिल रही है। क्रिस की कहानी साबित करती है कि बदलाव लाने के लिए उम्र नहीं, बल्कि सोच और संकल्प मायने रखते हैं।
ये भी पढ़ें: NIFT प्रवेश परीक्षा 2027 के लिए आवेदन का एक और मौका! जानें नई तारीख