वॉशिंगटन: अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की के नेतृत्व पर सवाल उठाते हुए कहा है कि यूक्रेन को ऐसा नया नेता चुनना चाहिए, जो रूस के साथ युद्ध समाप्त करने के लिए समझौता कर सके। ट्रंप का यह बयान रूस के साथ डीजल आपूर्ति समझौते की घोषणा के एक दिन बाद आया है।

यूक्रेन को एक "नया राष्ट्रपति" चुनना चाहिए: ट्रंप

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सुझाव देते हुए कहा कि यूक्रेन को एक "नया राष्ट्रपति" चुनना चाहिए जो रूस के साथ संघर्ष खत्म करने के लिए समझौता कर सके। साथ ही, उन्होंने यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोडिमिर ज़ेलेंस्की को रूसी तेल रिफाइनरियों को निशाना बनाने के खिलाफ चेतावनी भी दी। यह चेतावनी मॉस्को के साथ डीजल ईंधन आपूर्ति समझौते की घोषणा के एक दिन बाद दी गई। व्हाइट हाउस परिसर में पत्रकारों से बात करते हुए ट्रंप ने कहा कि उन्होंने ज़ेलेंस्की को विशेष रूप से रूसी रिफाइनरियों खासकर डीजल बनाने वाली रिफाइनरियों पर हमला न करने की चेतावनी दी थी।

ट्रंप ने ज़ेलेंस्की को हमला न करने की दी चेतावनी  

ट्रंप ने तर्क देते हुए कहा कि ऐसे हमलों से वैश्विक बाजारों में ईंधन की आपूर्ति बाधित हो सकती है और अमेरिकी किसानों और पशुपालकों पर असर पड़ सकता है। ट्रंप ने कहा, "हमने ज़ेलेंस्की से कहा, 'आप रूस के साथ जो चाहें कर सकते हैं, लेकिन रिफाइनरियों पर हमला न करें क्योंकि यह एक वैश्विक समस्या है।' अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के इस बयान और रूस के साथ ईंधन समझौते ने अमेरिका-यूक्रेन संबंधों तथा युद्ध समाप्त करने के प्रयासों को लेकर नई चर्चा शुरू कर दी है। हालांकि, इन घटनाक्रमों से युद्ध पर क्या प्रभाव पड़ेगा और शांति समझौते की संभावनाएं कितनी बदलेंगी, यह अभी स्पष्ट नहीं है।