Gorakhpur News: सीएम योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को गोरखपुर में एक जनसभा को संबोधित करते हुए सपा पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा का संबंध माफियाओं से रहा है और पार्टी के कार्यकाल में गुंडागर्दी, अराजकता, दंगे और कर्फ्यू को बढ़ावा मिला।
बता दें कि सीएम ने चेतावनी देते हुए कहा कि प्रदेश में कोई भी व्यक्ति माफियागिरी या आपराधिक गतिविधियों में शामिल हुआ तो उसके खिलाफ कानून के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि हर माफिया उनका (सपा का) साथी है और उन्होंने हमेशा जनता के साथ विश्वासघात किया है। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार ने गुंडों और माफियाओं की गुंडागर्दी पर लगाम लगाई है और अब एक बार फिर उनके खिलाफ कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।
माफिया को मिट्टी में मिलाने में देर नहीं लगेगी
इतना ही नहीं मुख्यमंत्री ने कहा कि अगर कोई माफियागिरी करने की कोशिश करेगा तो उस माफिया को मिट्टी में मिलाने में देर नहीं लगेगी। समाजवादी पार्टी का मतलब गुंडागर्दी, अराजकता, दंगे और कर्फ्यू है। कानून की ताकत के बिना इन गुंडों और माफियाओं को सुधारा नहीं जा सकता। हमारी सरकार ने उनकी गुंडागर्दी पर अंकुश लगाया है और अब एक बार फिर उन पर शिकंजा कसने की तैयारी है।
मासूम बच्चे की हत्या पर विपक्ष को घेरा
मुख्यमंत्री ने झंगहा से पढ़ाई करने आए 12-13 साल के बच्चे की हत्या का जिक्र करते हुए विपक्ष की चुप्पी पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि आखिर उस मासूम बच्चे की क्या गलती थी, जिसे बेरहमी से मार दिया गया। योगी ने बताया कि वह खुद पीड़ित परिवार से मुलाकात करेंगे।
उन्होंने प्रशासन को निर्देश देने की बात कही कि सड़कों पर अराजकता फैलाने वाले आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि दोषियों को ऐसी सजा दी जाएगी, जिसे उनकी आने वाली पीढ़ियां भी याद रखेंगी।
गरीबों की जमीन पर कब्जा और महिलाओं के खिलाफ अपराध पर चेतावनी
योगी आदित्यनाथ ने गरीबों की जमीन पर अवैध कब्जा करने और महिलाओं की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों को भी सख्त चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि किसी ने गरीब की जमीन पर कब्जा किया या किसी बेटी, बहन और मां की सुरक्षा को खतरे में डालने की कोशिश की तो उसे बख्शा नहीं जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा, "ऐसे लोगों के लिए केवल दो ही जगह होंगी, या तो जेल या जहन्नुम। तीसरी कोई जगह नहीं होगी।"
2027 के चुनाव को लेकर विपक्ष को दी चुनौती
मुख्यमंत्री ने उन लोगों पर भी निशाना साधा, जिन पर उन्होंने अराजकता फैलाकर जनता के वोट जबरन हासिल करने की कोशिश करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश की जनता ऐसे लोगों को बार-बार जवाब दे रही है।
योगी आदित्यनाथ ने 2027 के विधानसभा चुनाव का जिक्र करते हुए विपक्ष को चुनावी मैदान में मुकाबला करने की चुनौती दी। उन्होंने कहा कि 2027 का चुनावी रण तैयार है और अगर विपक्ष को लड़ना है तो चुनाव के मैदान में आकर मुकाबला करे।
यूपी की पहली वानिकी एवं बागवानी यूनिवर्सिटी का शिलान्यास
दरअसल, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गोरखपुर के कैंपियरगंज में उत्तर प्रदेश की पहली वानिकी एवं बागवानी यूनिवर्सिटी के शिलान्यास समारोह में शामिल होने पहुंचे थे। इसी कार्यक्रम के दौरान उन्होंने जनसभा को संबोधित करते हुए कानून-व्यवस्था, माफिया और 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर विपक्ष पर निशाना साधा।
और पढे़ं: यूपी विधानसभा चुनाव 2027: 21 जिलों के अधिकारियों के साथ आज मंथन करेंगे सीनियर डिप्टी इलेक्शन कमिश्नर