नई दिल्ली: उत्तर प्रदेश की सियासत में 2027 विधानसभा चुनाव से पहले जुबानी जंग तेज हो गई है। सपा के वरिष्ठ नेता आजम खान के 'हैदराबादी बिरयानी' वाले तंज पर AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने पलटवार किया है। हालांकि, ओवैसी ने व्यक्तिगत टिप्पणी को तवज्जो देने के बजाय यूपी की जनता के मुद्दों को अहम बताया। साथ ही उन्होंने आजम खान को जमानत मिलने पर खुशी जताते हुए उनकी अच्छी सेहत की दुआ भी की।
शनिवार को सहारनपुर में ANI से बातचीत के दौरान ओवैसी ने कहा, "सवाल उनके खाने या व्यक्तिगत पसंद का नहीं, बल्कि उत्तर प्रदेश की जनता का है। उन्होंने कहा कि उन्होंने विदेश में रहकर कानून और बैरिस्टर की पढ़ाई काफी मुश्किलों के बीच पूरी की है। उन्हें खाने-पीने को लेकर कोई खास पसंद नहीं है और जो भी उपलब्ध होता है, वह उनके लिए पर्याप्त है।"
ओवैसी ने कहा, ''सवाल मेरे बारे में नहीं है, मैं मुद्दा नहीं हूं। असली मुद्दा उत्तर प्रदेश की जनता है। जहां तक खाने की बात है, मुझे इसका कोई खास शौक नहीं रहा। मैंने विदेश में भी काफी मुश्किलों के बीच कानून और बैरिस्टर की पढ़ाई की है। कुछ लोग सिर्फ खाने के लिए जीते हैं, लेकिन मेरे लिए जो भी मिल जाए, वही काफी है।''
आजम खान की जमानत पर जताई खुशी
AIMIM प्रमुख ने आजम खान की जमानत को अच्छी खबर बताया। उन्होंने कहा कि आजम खान की उम्र करीब 80 साल है और उन्हें अल्लाह अच्छी सेहत दे। ओवैसी ने कहा कि उन्हें अपनी सेहत का ध्यान रखना चाहिए।
दरअसल, गुरुवार को गाजियाबाद की डासना जिला जेल से रिहा होने के एक दिन बाद आजम खान ने रामपुर में मीडिया से बातचीत के दौरान ओवैसी पर परोक्ष रूप से निशाना साधा था। उन्होंने कहा था कि उनके इलाके में 'हैदराबादी बिरयानी' पसंद नहीं की जाती, बल्कि लोग पुलाव और मटन बिरयानी को ज्यादा पसंद करते हैं। आजम खान ने ओवैसी को मौलाना के बजाय बैरिस्टर बताते हुए यह भी कहा था कि केवल दाढ़ी रखने से कोई मौलाना या साधु नहीं बन जाता।
जमानत के बाद आजम खान को सुप्रीम कोर्ट से भी राहत
आजम खान को मोहम्मद अली जौहर विश्वविद्यालय से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में इलाहाबाद हाईकोर्ट ने अंतरिम जमानत दी थी। इसके खिलाफ प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने सुप्रीम कोर्ट में अपील की थी, लेकिन गुरुवार को शीर्ष अदालत ने एजेंसी की याचिका खारिज करते हुए हाईकोर्ट के फैसले को बरकरार रखा।
2027 के लिए ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद ने बनाया नया मोर्चा
ओवैसी शनिवार को सहारनपुर में आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद के साथ पहुंचे थे। दोनों नेताओं ने आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए 'सामाजिक परिवर्तन मोर्चा' गठबंधन बनाया है। ओवैसी का दावा है कि इस नए मोर्चे से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और सपा प्रमुख अखिलेश यादव दोनों असहज हैं।
उन्होंने कहा कि प्रदेश की राजनीति में अब एक मजबूत और विश्वसनीय तीसरा विकल्प सामने आया है। ओवैसी के मुताबिक, अब तक यूपी की राजनीति में सत्ता को लेकर दो पक्षों के बीच एक तरह का म्यूजिकल चेयर का खेल चल रहा था, लेकिन सामाजिक परिवर्तन मोर्चा के आने से मुकाबला बदल सकता है।
ओवैसी ने इस दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मां के निधन पर शोक भी जताया। उन्होंने कहा कि वह मुख्यमंत्री के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त करना चाहते हैं।
और पढ़ें: UP Election 2027: अखिलेश की PDA को चुनौती देंगे ओवैसी-आजाद?, 26 नवंबर को होगा बड़ा शक्ति प्रदर्शन!