Akash Anand on Akhilesh Yadav: उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले सियासी बयानबाजी तेज होने लगी है। BSP के राष्ट्रीय समन्वयक आकाश आनंद ने अयोध्या की बीकापुर विधानसभा सीट पर एक जनसभा के दौरान बीजेपी, कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर जमकर निशाना साधा। खासतौर पर उन्होंने सपा मुखिया अखिलेश यादव और वरिष्ठ नेता राम गोपाल यादव को घेरा। आकाश आनंद ने आगरा में हुए सपा के दलित महासम्मेलन का जिक्र करते हुए दोनों नेताओं से दलित समाज से माफी मांगने की मांग की।

बीकापुर में मीडिया से बातचीत के दौरान आकाश आनंद ने कहा कि चुनाव आते-आते राजनीतिक दलों का असली चेहरा सामने आ जाएगा। उन्होंने सपा के PDA (पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक) एजेंडे पर भी सवाल उठाए और आरोप लगाया कि पार्टी चुनावी फायदे के लिए दलितों और पिछड़े वर्गों को अपने साथ जोड़ने की कोशिश कर रही है।

अखिलेश यादव आखिर चाहते क्या हैं, समझ नहीं आता
आकाश आनंद ने बीजेपी और कांग्रेस को लेकर बसपा सुप्रीमो मायावती के बयान का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि दोनों पार्टियां एक ही सिक्के के दो पहलू हैं और इनके शासन में हमेशा दबे-कुचले और शोषित वर्गों को नुकसान उठाना पड़ा है।

सपा प्रमुख अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि वह उनका सम्मान करते हैं, लेकिन उन्हें आज तक यह समझ नहीं आया कि अखिलेश यादव आखिर करना क्या चाहते हैं। उन्होंने सपा पर राजनीतिक परिस्थितियों के हिसाब से अपना रंग बदलने का आरोप लगाया। साथ ही PDA के राजनीतिक समीकरण पर तंज कसते हुए कहा कि चुनाव आते-आते इसके असली मायने भी सामने आ जाएंगे।

आगरा के दलित महासम्मेलन पर क्यों भड़के आकाश आनंद?
आकाश आनंद ने हाल ही में आगरा में आयोजित सपा के दलित महासम्मेलन को लेकर भी नाराजगी जाहिर की। उन्होंने आरोप लगाया कि सम्मेलन में सपा के वरिष्ठ नेता राम गोपाल यादव ने मंच से सामने बैठे लोगों को 'मूर्ख' कह दिया था। आकाश के मुताबिक, जिन लोगों को सम्मानित करने के लिए बुलाया गया था, उन्हीं के प्रति इस तरह की भाषा का इस्तेमाल किया गया।

उन्होंने कहा कि राम गोपाल यादव और अखिलेश यादव को दलित समाज से इस टिप्पणी के लिए माफी मांगनी चाहिए। आकाश ने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर ऐसा नहीं हुआ तो आगामी विधानसभा चुनाव में जनता वोट के जरिए इसका जवाब देगी।

आरक्षण के मुद्दे पर भी सपा को घेरा
बसपा नेता ने सपा के पुराने राजनीतिक रिकॉर्ड का हवाला देते हुए 2012 में संसद में SC/ST समुदाय को प्रमोशन में आरक्षण देने से जुड़े विधेयक का मुद्दा उठाया। उन्होंने आरोप लगाया कि उस समय सपा ने इस विधेयक का सबसे ज्यादा विरोध किया था और लोकसभा में विधेयक की प्रति छीनकर फाड़ दी थी।

आकाश आनंद ने सवाल किया कि जो पार्टी कभी आरक्षण के मुद्दे पर विरोध कर रही थी, वही आज संविधान की प्रति लेकर दलितों और पिछड़ों की हितैषी बनने का दावा कैसे कर सकती है?

कानून-व्यवस्था और जिलों के नाम बदलने पर भी निशाना
आकाश आनंद ने सपा सरकार के दौरान कानून-व्यवस्था की स्थिति पर भी सवाल उठाए। उन्होंने साल 2000 में मुजफ्फरनगर की एक घटना का जिक्र करते हुए दावा किया कि छेड़छाड़ की घटना के बाद भड़के दंगे में 60 से अधिक लोगों की जान गई थी और हजारों परिवारों को लंबे समय तक राहत शिविरों में रहना पड़ा था।

इसके अलावा उन्होंने मायावती सरकार के दौरान बनाए गए जिलों के नाम बदलने को लेकर भी सपा पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि मायावती के शासनकाल में बहुजन आंदोलन के महापुरुषों के नाम पर जिलों के नाम रखे गए थे, लेकिन 2012 में सत्ता में आने के बाद सपा सरकार ने उन्हें बदल दिया।

आकाश आनंद के मुताबिक, ये केवल नाम नहीं थे, बल्कि आने वाली पीढ़ियों को अपने इतिहास और महापुरुषों के योगदान से जोड़ने का माध्यम थे। उन्होंने आरोप लगाया कि अब वही सपा PDA के नाम पर दलितों और पिछड़े वर्गों से वोट मांग रही है।

2027 के विधानसभा चुनाव से पहले आकाश आनंद के इस हमले से साफ है कि बसपा ने सपा के PDA अभियान और दलित वोट बैंक को लेकर अपनी राजनीतिक रणनीति तेज कर दी है। आने वाले दिनों में इस बयान पर सपा की प्रतिक्रिया भी अहम मानी जा रही है। 

और पढ़ें: अखिलेश से लेकर ओवैसी तक: CM योगी ने 2027 चुनाव से पहले 'मारीच' और ' मौलाना' पर साधा निशाना