PM Modi Bihar Visit: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को बिहार के वैशाली में आयोजित कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने दशकों तक 'गरीबी हटाओ' का नारा दिया, जबकि उनकी सरकार ने 12 साल में 50 करोड़ लोगों को गरीबी से बाहर निकालने का काम किया है। पीएम मोदी ने इसका श्रेय सरकार की इच्छाशक्ति और गरीबों के लिए चलाई जा रही कल्याणकारी योजनाओं को दिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि देश में गरीबी के खिलाफ लड़ाई में सरकार ने गरीबों की जिंदगी आसान बनाने और उन्हें बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने को प्राथमिकता दी है। उन्होंने दावा किया कि 80 करोड़ लोगों को मुफ्त अनाज दिया जा रहा है। इसके अलावा लाखों परिवारों को पक्के मकान उपलब्ध कराए गए हैं और मुफ्त इलाज की सुविधा से लोगों को महंगे स्वास्थ्य खर्च से राहत मिली है।
बिहार में पहले घोटालों की चर्चा थी, अब निवेश की: मोदी
प्रधानमंत्री ने बिहार की मौजूदा स्थिति की तुलना एनडीए सरकार के सत्ता में आने से पहले के दौर से की। उन्होंने कहा कि पहले राज्य में घोटालों और अपराध के आंकड़ों को लेकर चर्चा होती थी, लेकिन अब निवेश और अपराधियों के खिलाफ हो रही कार्रवाई पर बात होती है। पीएम मोदी ने बिहार के पिछले तीन दशकों के राजनीतिक सफर का जिक्र करते हुए कहा कि करीब 30 साल पहले राज्य ने उम्मीद और भरोसे के साथ एक नया रास्ता चुना था। उनके मुताबिक, नीतीश कुमार के नेतृत्व में सुशासन से बिहार में लोगों का विश्वास बढ़ा। उन्होंने कहा कि अब नीतीश कुमार के आशीर्वाद से सम्राट चौधरी और उनकी पूरी टीम विकास के इस काम को आगे बढ़ा रही है। प्रधानमंत्री ने अपने मित्र और दिवंगत नेता रामविलास पासवान को भी याद किया। उन्होंने कहा कि आज जिन परियोजनाओं को आगे बढ़ाया जा रहा है, वे रामविलास पासवान के सपनों को पूरा करने की दिशा में हैं।
34,470 करोड़ रुपये की परियोजनाओं की सौगात
वैशाली में आयोजित कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री ने करीब 34,470 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन किया, उन्हें राष्ट्र को समर्पित किया और कई योजनाओं की आधारशिला रखी। इन परियोजनाओं में सड़क संपर्क, ऊर्जा, शहरी बुनियादी ढांचे, जल संसाधन, शिक्षा, स्वास्थ्य और परिवहन से जुड़े काम शामिल हैं। कार्यक्रम का एक बड़ा हिस्सा गंगा नदी पर बने छह लेन के 'नीतीश सेतु' को जनता को समर्पित करना रहा। यह पुल पटना जिले के कच्ची दरगाह को वैशाली जिले के बिदुपुर से जोड़ता है। प्रधानमंत्री ने पुल का नाम पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नाम पर रखे जाने को उनके योगदान और सेवा के प्रति बिहार की जनता का सम्मान बताया।
100 इलेक्ट्रिक बसों को दिखाई हरी झंडी
प्रधानमंत्री ने बिहार में सार्वजनिक परिवहन को बेहतर बनाने के लिए 100 आधुनिक पीएम-ई-बसों को भी हरी झंडी दिखाई। इन बसों का उद्देश्य शहरों में आवागमन को आसान बनाने के साथ प्रदूषण कम करना और पर्यावरण के अनुकूल परिवहन को बढ़ावा देना है। कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान भी मौजूद रहे। उन्होंने नीतीश सेतु को बिहार के स्थानीय लोगों की दशकों पुरानी मांग पूरी होने का उदाहरण बताया। चिराग पासवान ने कहा कि केंद्र और राज्य में एनडीए की सरकार होने से विकास परियोजनाओं को जमीन पर उतारना संभव हुआ है। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के योगदान की भी सराहना की। चिराग ने कहा कि नीतीश कुमार के संकल्प का नतीजा है कि आज यह पुल बनकर तैयार हुआ है। उन्होंने प्रधानमंत्री के विकसित भारत के लक्ष्य का जिक्र करते हुए कहा कि विकसित बिहार के बिना विकसित भारत की कल्पना पूरी नहीं हो सकती।
यह भी पढ़ें: नियति का क्रूर खेल! योगी के जीवन में 'काल' बनी 20 तारीख, 6 साल के अंतर पर छीना मां-बाप दोनों का साया