देहरादून: खबर उत्तराखंड से है। जहां कांग्रेस में अंदरूनी गुटबाजी को लेकर भाजपा ने हमला तेज कर दिया है। बागेश्वर में कांग्रेस कार्यक्रम के दौरान पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत और नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य के बीच माला पहनाने को लेकर हुई खींचतान का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद भाजपा ने कांग्रेस पर तंज कसा है। भाजपा प्रदेश प्रवक्ता मथुरा दत्त जोशी ने इस घटना को कांग्रेस की अंदरूनी कलह का उदाहरण बताते हुए पार्टी पर निशाना साधा।
'कांग्रेस में नेताओं की संख्या ज्यादा, कार्यकर्ताओं की कमी'
भाजपा प्रदेश प्रवक्ता मथुरा दत्त जोशी ने कांग्रेस की गुटबाजी पर टिप्पणी करते हुए कहा कि पार्टी में नेताओं की संख्या ज्यादा हो गई है, जबकि कार्यकर्ताओं की कमी है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस के भीतर गुटबाजी लगातार बढ़ रही है और लोहाघाट से पिथौरागढ़ होते हुए अब बागेश्वर तक पार्टी की अंदरूनी कलह सामने आ रही है।
यह भी पढ़ें: देश में 32 फर्जी विश्वविद्यालय, दिल्ली में सबसे ज्यादा; दाखिले से पहले देखें पूरी सूची
प्रदेश प्रभारी के दौरे से भी नहीं थमी गुटबाजी
मथुरा दत्त जोशी ने कहा कि कांग्रेस प्रदेश प्रभारी के दौरे से पार्टी में गुटबाजी कम होने की उम्मीद थी, लेकिन स्थिति इसके उलट दिखाई दे रही है। उनके मुताबिक, प्रदेश में कांग्रेस नेताओं के बीच आपसी खींचतान लगातार बढ़ रही है और इसका असर पार्टी के कार्यक्रमों में भी नजर आ रहा है।
यह भी पढ़ें: कभी ट्रक क्लीनर था, आज सोशल मीडिया का मीम स्टार है 'लाफिंग बॉय', चाय की थड़ी से वायरल हुई किस्मत
2027 के विधानसभा चुनाव में नुकसान का दावा
भाजपा प्रवक्ता ने दावा किया कि कांग्रेस की अंदरूनी कलह आगामी विधानसभा चुनाव में पार्टी के लिए नुकसानदायक साबित होगी। उन्होंने कहा कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को अपनी गुटबाजी का खामियाजा भुगतना पड़ सकता है।
बागेश्वर में कांग्रेस कार्यक्रम के दौरान नेताओं के बीच माला पहनाने को लेकर हुई कथित खींचतान का वीडियो वायरल होने के बाद प्रदेश की राजनीति में आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज हो गया है।
रिपोर्ट: आकाश, देहरादून
यह भी पढ़ें: पीएम मोदी का बिहार दौरा: वैशाली से नीतीश सेतु का उद्घाटन, 34 हजार करोड़ की परियोजनाओं की सौगात