चेन्नई: केंद्र सरकार के प्रस्तावित परिसीमन बिल को लेकर विपक्षी दलों के बीच राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। इसी बीच कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी समेत INDIA गठबंधन के कई वरिष्ठ नेता रविवार को चेन्नई पहुंचे। यहां सभी नेताओं ने डीएमके प्रमुख और तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन से उनके आवास पर मुलाकात की। इस बैठक का मकसद परिसीमन बिल पर डीएमके का समर्थन हासिल करना और उसे विधेयक के विरोध में विपक्ष के साथ खड़ा करना है।

यह मुलाकात 30 नवंबर से शुरू होने वाले संसद के विशेष सत्र से पहले हुई है। केंद्र सरकार इस सत्र में परिसीमन और महिला आरक्षण से जुड़े संशोधित विधायी प्रस्ताव पेश करने की तैयारी में है। कांग्रेस चाहती है कि डीएमके इन प्रस्तावों के विरोध में INDIA गठबंधन का साथ दे।
राहुल गांधी ने स्टालिन से की एकजुट होने की अपील
चेन्नई रवाना होने से पहले राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर एमके स्टालिन और डीएमके से परिसीमन संबंधी संविधान संशोधन विधेयकों का विरोध करने की अपील की थी। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय हित, तमिलनाडु के हित और संविधान की रक्षा के लिए सभी विपक्षी दलों को एकजुट होकर इस विधेयक को हराना होगा।

राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि लोकसभा की सदस्य संख्या 850 तक बढ़ाने का प्रस्ताव बीजेपी और आरएसएस को अपने राजनीतिक हितों के अनुसार देश का चुनावी नक्शा बदलने का अवसर दे सकता है। उन्होंने कहा कि इस कदम से देश के लोकतंत्र पर असर पड़ सकता है।
स्टालिन ने क्या दिया जवाब?
राहुल गांधी की पोस्ट पर प्रतिक्रिया देते हुए एमके स्टालिन ने डीएमके की संवैधानिक अधिकारों और राज्यों के हितों की रक्षा में ऐतिहासिक भूमिका को स्वीकार करने के लिए उनका आभार जताया। स्टालिन ने कहा कि उनकी पार्टी तमिलनाडु और वहां के लोगों के हितों को प्राथमिकता देते हुए फैसले लेती रही है और इस रास्ते से समझौता नहीं करेगी।

बीजेपी नेता वनथी श्रीनिवासन ने कांग्रेस पर साधा निशाना
इस मुलाकात पर पूर्व बीजेपी महिला मोर्चा राष्ट्रीय अध्यक्ष वनथी श्रीनिवासन ने कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेताओं को अब डीएमके की याद आ रही है, लेकिन उन्हें नहीं लगता कि डीएमके परिसीमन बिल पर अपना रुख बदलेगी।

वनथी श्रीनिवासन ने कहा कि विधानसभा चुनाव के बाद दोनों दलों के बीच पैदा हुई नाराजगी अभी भी डीएमके के मन में हो सकती है। उन्होंने महिला आरक्षण का समर्थन करते हुए कहा कि संसद में अब तक महिलाओं का प्रतिनिधित्व 10 प्रतिशत से भी कम रहा है। विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने के लिए देश की 50 प्रतिशत आबादी को निर्णय लेने की प्रक्रिया में उचित प्रतिनिधित्व मिलना चाहिए।
यह भी पढ़ें: परिसीमन बिल पर आज BJP की अहम बैठक, सभी लोकसभा सांसदों को बुलाया