सना: पश्चिम एशिया में बढ़ते संघर्ष के बीच यमन के हूती विद्रोही संगठन ने सऊदी अरब को नई चेतावनी दी है। हूतियों ने कहा है कि यमन के रास ईसा (Ras Isa) बंदरगाह पर सऊदी अरब के हमले के जवाब में जेद्दा बंदरगाह समेत लाल सागर के तट पर स्थित सऊदी अरब के सभी बंदरगाहों को निशाना बनाया जा सकता है। इस चेतावनी के बाद क्षेत्र में समुद्री सुरक्षा को लेकर चिंताएं बढ़ गई हैं।
हूती सैन्य प्रवक्ता याह्या सरी ने रविवार को टेलीग्राम पर जारी बयान में कहा कि रास ईसा बंदरगाह पर सऊदी हमले के जवाब में जेद्दा और लाल सागर के तट पर स्थित अन्य सऊदी बंदरगाह उनके निशाने पर होंगे। उन्होंने बंदरगाहों के आसपास मौजूद कर्मचारियों, कामगारों और आम लोगों से तत्काल वहां से हटने और इन सुविधाओं से दूर रहने की अपील की है।
इसके अलावा हूती प्रवक्ता ने सभी शिपिंग कंपनियों से अपने जहाजों को इन बंदरगाहों से तुरंत हटाने का आह्वान किया है। इस घटनाक्रम से लाल सागर में समुद्री व्यापार और जहाजों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।
सऊदी अरब और हूतियों के बीच फिर तेज हुई सैन्य तनातनी
सऊदी अरब और हूती विद्रोहियों के बीच तनाव एक बार फिर बढ़ गया है। सऊदी नेतृत्व वाला सैन्य गठबंधन यमन में हूती नियंत्रित इलाकों पर हवाई हमले तेज कर रहा है। वहीं, हूती संगठन भी सऊदी अरब के रणनीतिक ठिकानों को निशाना बनाने और हमलों की धमकी देने का दावा कर रहा है।
यह घटनाक्रम 2022 में संयुक्त राष्ट्र की मध्यस्थता से हुए युद्धविराम के बाद क्षेत्र में फिर बढ़ती सैन्य गतिविधियों के बीच सामने आया है। रिपोर्ट के मुताबिक, जुलाई से दोनों पक्षों के बीच शत्रुता दोबारा तेज हुई है।
48 घंटे में पांच सैन्य ऑपरेशन करने का दावा
इससे पहले हूती सैन्य प्रवक्ता याह्या सरी ने दावा किया था कि संगठन ने पिछले 48 घंटों में सऊदी अरब के खिलाफ पांच सैन्य अभियान चलाए हैं। उनके मुताबिक, इन अभियानों में रियाद के किंग खालिद अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे, अबहा और खमीस मुशैत क्षेत्रों में रडार प्रतिष्ठानों, लिजान रिफाइनरी, हविया गैस प्लांट और शुकैक व जिजान बिजली संयंत्रों को निशाना बनाया गया।
हूती प्रवक्ता ने इन हमलों में कई ठिकानों को नुकसान पहुंचने और आग लगने का दावा किया है। हालांकि, इन दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
2014 से जारी है यमन में संघर्ष
यमन में गृहयुद्ध की शुरुआत 2014 में हुई थी, जब हूती लड़ाकों ने राजधानी सना पर कब्जा कर लिया था। इसके बाद 2015 में सऊदी अरब ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मान्यता प्राप्त यमन सरकार के समर्थन में सैन्य हस्तक्षेप शुरू किया।
लाल सागर वैश्विक समुद्री व्यापार के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण मार्ग है। ऐसे में सऊदी अरब और हूतियों के बीच बढ़ता तनाव इस क्षेत्र में जहाजों की आवाजाही और अंतरराष्ट्रीय व्यापार की सुरक्षा के लिए बड़ी चिंता बन सकता है।
यह भी पढ़ें: लॉस एंजिल्स में भूकंप से मची अफरा-तफरी, एयरपोर्ट की छत से गिरे टाइल्स, कई जगह नुकसान