Ramayana movie controversy: रणबीर कपूर और यश स्टारर फिल्म 'रामायण' इन दिनों बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन कर रही है, लेकिन फिल्म को लेकर विवाद भी लगातार गहराता जा रहा है। फिल्म की कहानी, किरदारों के चित्रण और रामायण के प्रसंगों में बदलाव को लेकर अब विश्व हिंदू परिषद यानी VHP ने कड़ा विरोध जताया है।

सेंसर सर्टिफिकेट रद्द करने की मांग

संगठन ने फिल्म की स्क्रीनिंग तुरंत रोकने और उसका सेंसर सर्टिफिकेट रद्द करने की मांग की है। VHP का आरोप है कि फिल्म में भगवान राम और उनके परिवार को गलत तरीके से दिखाया गया है, जबकि रावण के किरदार को जरूरत से ज्यादा सहानुभूति देकर उसका महिमामंडन करने की कोशिश की गई है। आखिर फिल्म में ऐसा क्या दिखाया गया, जिस पर इतना बड़ा विवाद खड़ा हो गया है? आइए जानते हैं विस्तार से।

VHP ने क्यों जताई नाराजगी?

विश्व हिंदू परिषद के केंद्रीय महासचिव बजरंग बगड़ा ने फिल्म के निर्माताओं पर रामायण की मूल कथा के साथ छेड़छाड़ करने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि फिल्म में महर्षि वाल्मीकि की रामायण के कई महत्वपूर्ण प्रसंगों को या तो हटा दिया गया है या फिर उन्हें बदलकर पेश किया गया है। VHP का मानना है कि इससे भगवान राम के जीवन और उनके आदर्शों की वास्तविक छवि प्रभावित होती है।

रावण के चित्रण पर भी उठाए सवाल

VHP ने फिल्म में रावण के किरदार को लेकर भी आपत्ति जताई है। संगठन का आरोप है कि रावण को शोषित और वंचित वर्गों का रक्षक बताकर उसके प्रति सहानुभूति पैदा करने की कोशिश की गई है। वहीं, उसके चरित्र के नकारात्मक पहलुओं और महिलाओं के प्रति उसके व्यवहार को नजरअंदाज किया गया है। संगठन के मुताबिक, इस तरह का चित्रण रामायण की मूल भावना से मेल नहीं खाता।

इन प्रसंगों को लेकर भी विवाद

बजरंग बगड़ा ने आरोप लगाया कि फिल्म में अहिल्या उद्धार, भगवान राम और निषादराज गुह की मित्रता और केवट की भक्ति जैसे महत्वपूर्ण प्रसंगों को उचित स्थान नहीं दिया गया है। VHP का कहना है कि ये घटनाएं रामकथा के महत्वपूर्ण हिस्से हैं और भगवान राम के आदर्शों, करुणा तथा सामाजिक समरसता को दर्शाती हैं।

सेंसर सर्टिफिकेट रद्द करने की मांग

VHP के अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष आलोक कुमार ने भी फिल्म पर नाराजगी जाहिर की है। उन्होंने आरोप लगाया कि फिल्म में बदलाव केवल सिनेमाई प्रभाव बढ़ाने के लिए नहीं किए गए, बल्कि इनके जरिए रामकथा की एक अलग छवि स्थापित करने की कोशिश की गई है। इसी के चलते संगठन ने फिल्म का सेंसर सर्टिफिकेट रद्द करने और इसकी स्क्रीनिंग पर तत्काल रोक लगाने की मांग की है।

बॉक्स ऑफिस पर शानदार कमाई

विवाद के बीच फिल्म की कमाई भी चर्चा में है. खबर के मुताबिक, फिल्म ने दुनियाभर में 1500 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर लिया है। फिल्म का दूसरा पार्ट दिवाली 2028 पर रिलीज किए जाने की बात कही जा रही है। फिलहाल फिल्म को लेकर VHP की आपत्तियों ने एक नई बहस छेड़ दी है। अब देखना होगा कि फिल्म निर्माता इन आरोपों पर क्या जवाब देते हैं और इस विवाद पर सेंसर बोर्ड का क्या रुख रहता है।

ये भी पढ़ें: Huawei की नई Smartwatch मचाएगी तहलका! Apple Watch को देगी सीधी टक्कर?