राजस्थान में पंचायत चुनावों में बीजेपी को मिली हार के बाद पार्टी के अंदर चल रही नाराजगी अब खुलकर सामने आने लगी है। कैबिनेट मंत्री किरोड़ी लाल मीणा के एक बयान ने प्रदेश की राजनीति में नई चर्चा छेड़ दी है, उन्होंने हरियाणा का उदाहरण देते हुए कहा कि अगर पार्टी नेतृत्व और मुख्यमंत्री का चेहरा बदलती है, तो चुनाव में दोबारा जीत हासिल की जा सकती है।
दरअसल, किरोड़ी लाल मीणा बीजेपी प्रदेश कार्यालय में पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ से मिलने पहुंचे थे। इस दौरान मीडिया ने उनसे पंचायत चुनाव में पार्टी की हार को लेकर सवाल किया। इस पर उन्होंने कहा कि फिलहाल हार के पीछे की असली वजह सामने नहीं आई है। पार्टी बैठकर इस पर मंथन करेगी और कमियों को दूर करने की कोशिश करेगी।
उन्होंने यह भी कहा कि चुनाव में मिली हार की जिम्मेदारी किसी एक व्यक्ति की नहीं, बल्कि सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं को सामूहिक रूप से लेनी चाहिए। पार्टी का प्रयास रहेगा कि गलतियों को सुधारकर एक बार फिर जनता का भरोसा जीता जाए।
हरियाणा का उदाहरण देकर क्या संदेश दे गए मीणा?
जब किरोड़ी लाल मीणा से पूछा गया कि पंचायत चुनाव के नतीजों का आने वाले विधानसभा चुनाव पर क्या असर पड़ सकता है, तो उन्होंने कहा कि नेतृत्व का चेहरा बदलने से भी चुनाव में जीत मिल सकती है।
इसके लिए उन्होंने हरियाणा का उदाहरण दिया, उन्होंने कहा कि वहां बीजेपी ने मनोहर लाल खट्टर को मुख्यमंत्री पद से हटाकर नायब सिंह सैनी को मुख्यमंत्री बनाया था। इसके बाद पार्टी विधानसभा चुनाव में फिर से जीत हासिल करने में सफल रही।
क्या राजस्थान में भी मुख्यमंत्री बदलने की बात कह रहे हैं मीणा?
किरोड़ी लाल मीणा ने अपने बयान में सीधे तौर पर राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा को हटाने की मांग नहीं की, उन्होंने ऐसा कोई सुझाव भी खुलकर नहीं दिया, लेकिन हरियाणा का उदाहरण देकर उन्होंने पार्टी नेतृत्व में बदलाव की संभावना पर राजनीतिक चर्चा जरूर शुरू कर दी है।
उनके इस बयान को राजस्थान बीजेपी की अंदरूनी राजनीति से जोड़कर देखा जा रहा है। ऐसे में सवाल उठने लगा है कि क्या पार्टी में नेतृत्व को लेकर असंतोष बढ़ रहा है और क्या आने वाले समय में मुख्यमंत्री के चेहरे को लेकर कोई बड़ा फैसला हो सकता है?
विपक्ष को मिला बीजेपी पर हमला करने का मौका
किरोड़ी लाल मीणा के इस बयान से विपक्ष को भी बीजेपी पर निशाना साधने का मौका मिल गया है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा को लेकर पहले से सवाल उठा रहा विपक्ष अब पार्टी के अंदर की बयानबाजी को मुद्दा बना सकता है।
बीजेपी के अंदरूनी मतभेद पर विपक्ष की नजर
विपक्ष यह कहकर बीजेपी को घेर सकता है कि जब पार्टी के अपने ही नेता नेतृत्व में बदलाव की बात कर रहे हैं, तो सरकार और संगठन के बीच सबकुछ ठीक नहीं है। फिलहाल किरोड़ी लाल मीणा के बयान पर बीजेपी के बड़े नेताओं ने चुप्पी साध रखी है। अब देखना होगा कि पार्टी नेतृत्व इस बयान को किस तरह लेता है और आने वाले दिनों में राजस्थान बीजेपी की अंदरूनी राजनीति क्या नया मोड़ लेती है।