India-China Relations: विदेश मंत्रालय (MEA) ने बुधवार को बताया कि भारत और चीन ने हाल ही में पूर्वी सेक्टर में अपने वरिष्ठ सैन्य कमांडरों की एक बैठक की। इस बैठक में सीमा प्रबंधन को बेहतर बनाने और वास्तविक नियंत्रण रेखा (LAC) पर मौजूद लंबित मुद्दों को सुलझाने पर चर्चा की गई।

नई दिल्ली में साप्ताहिक मीडिया ब्रीफिंग को संबोधित करते हुए, विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा कि भारत और चीन राजनयिक और सैन्य तंत्रों के माध्यम से नियमित रूप से बातचीत करते हैं।

रणधीर जयसवाल ने दी अहम जानकारी

प्रेस ब्रिफिंग के दौरान रणधीर जयसवाल ने कहा, "भारत और चीन नियमित रूप से राजनयिक और सैन्य तंत्रों के माध्यम से बातचीत करते हैं। हाल ही में पूर्वी सेक्टर में वरिष्ठ सैन्य कमांडरों की एक बैठक हुई; दोनों पक्षों के बीच चर्चा सीमा प्रबंधन को बेहतर बनाने और LAC (वास्तविक नियंत्रण रेखा) पर मौजूद लंबित मुद्दों को सुलझाने पर केंद्रित थी। इस तरह की बातचीत का उद्देश्य सीमावर्ती इलाकों में शांति और स्थिरता बनाए रखना तथा किसी भी तरह के तनाव को बढ़ने से रोकना है"।

23 अक्टूबर को, विदेश मंत्रालय (MEA) ने कहा कि भारत और चीन 'वास्तविक नियंत्रण रेखा' (LAC) पर लंबित मुद्दों को सुलझाने और किसी भी तरह की गलतफहमी या गलत आकलन से बचने के लिए मौजूदा राजनयिक और सैन्य तंत्रों का उपयोग करना जारी रखे हुए हैं। साथ ही, मंत्रालय ने इस बात पर जोर दिया कि जब चीनी सेनाएं अपनी तय गश्त (पेट्रोलिंग) के तरीकों से हटकर काम करती हैं, तो भारत-चीन सीमावर्ती इलाकों में स्थिति बिगड़ जाती है।

एलएसी पर हुई बड़ी बैठक

विदेश मंत्रालय (MEA) ने बताया कि LAC के पास, अरुणाचल प्रदेश में भारतीय पक्ष की ओर वाचा में 6 सितंबर को, और चीनी पक्ष की ओर दमाई में 7 सितंबर को, वरिष्ठ सैन्य कमांडर स्तर की पहली 'फ्लैग मीटिंग' आयोजित की गई थी।

जयसवाल ने कहा था कि ये बैठकें भारत और चीन के प्रतिनिधियों के बीच बनी सहमति और उसके बाद 'वर्किंग मैकेनिज्म फॉर कंसल्टेशन एंड कोऑर्डिनेशन' (WMCC) की बैठक में हुई चर्चाओं के बाद आयोजित की गई थीं। गौरतलब है कि लगातार ये खबरें सामने आ रही है कि कई जगहों पर भारत और चीन की सेना आमने-सामने थी। वहीं अब विदेश मंत्रालय की तरफ से जुड़ी अहम जानकारी साझा की गई है।

यह भी पढ़े - अल्पसंख्यकों के बीच जारी हिंसा पर भारत हुआ आगबबूला, Bangladesh को दे दी खुली धमकी, पढ़े पूरी रिपोर्ट