अमेरिका की ओर से भारत पर 25 फीसदी नया आयात शुल्क लगाने के प्रस्ताव पर भारत सरकार ने अपना रुख साफ कर दिया है। भारत ने अमेरिका के आरोपों को खारिज करते हुए कहा है कि देश के किसी भी औद्योगिक क्षेत्र में जरूरत से ज्यादा उत्पादन नहीं हो रहा है। सरकार का कहना है कि भारत की उत्पादन क्षमता को लेकर लगाए गए आरोप सही नहीं हैं।

बता दें कि अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि कार्यालय (यूएसटीआर) ने कथित अतिरिक्त उत्पादन क्षमता और व्यापार से जुड़ी अनुचित गतिविधियों के आरोपों को लेकर भारत समेत 14 अर्थव्यवस्थाओं पर नए टैरिफ लगाने का प्रस्ताव दिया है।

भारत ने आरोपों को बताया गलत

वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय ने बुधवार को जारी बयान में कहा कि अमेरिका की जांच शुरू होने के समय से ही भारत ने अपना पक्ष साफ रखा है। भारत का कहना है कि देश के किसी भी सेक्टर में ऐसी स्थिति नहीं है, जहां जरूरत से अधिक उत्पादन हो रहा हो।

मंत्रालय ने बताया कि अमेरिका की ओर से भेजे गए जांच संबंधी नोटिस की अभी समीक्षा की जा रही है। भारत ने पूरी जांच प्रक्रिया में अमेरिका के साथ सहयोग किया है और सभी मुद्दों पर अपनी बात रखी है।

14 देशों पर नए टैरिफ लगाने की तैयारी

अमेरिका ने व्यापार अधिनियम 1974 की धारा 301 के तहत करीब आठ महीने तक जांच की। इसके बाद भारत समेत कई देशों पर नए टैरिफ लगाने का प्रस्ताव सामने रखा गया है। अमेरिकी जांच में कथित अनुचित व्यापार तरीकों और जरूरत से ज्यादा उत्पादन क्षमता के मुद्दे शामिल थे।

इस प्रस्ताव में भारत के अलावा चीन, बांग्लादेश, कंबोडिया, यूरोपीय संघ, इंडोनेशिया, जापान, दक्षिण कोरिया, मलेशिया, सिंगापुर, स्विट्जरलैंड, ताइवान, थाईलैंड और वियतनाम का नाम शामिल है। प्रस्ताव के मुताबिक, भारत से आने वाले सामान पर 25 फीसदी और चीन से आने वाले सामान पर 40 फीसदी तक टैरिफ लगाने की बात कही गई है।

व्यापार समझौते के जरिए समाधान चाहता है भारत

भारत सरकार का कहना है कि अमेरिका के साथ व्यापार से जुड़े सभी विवादों और चिंताओं पर दोनों देशों के बीच चल रही द्विपक्षीय व्यापार समझौते (BTA) की बातचीत में चर्चा होनी चाहिए।

वाणिज्य मंत्रालय के अनुसार, भारत पहले से ही इस बात पर जोर देता रहा है कि व्यापार से जुड़े मुद्दों का हल बातचीत और आपसी सहमति से निकाला जाए। सरकार ने दोहराया है कि भारत अमेरिका के साथ द्विपक्षीय व्यापार समझौते को जल्द पूरा करना चाहता है। इसके लिए दोनों देशों के बीच बातचीत और सहयोग आगे भी जारी रहेगा।