Noida: नोएडा में अपनी ही बुजुर्ग पिता पर ऐसी हैवानियत की, जिसे देख लोग भी दंग रहा गए। ऐसा आरोप है कि संपत्ति हड़पने के विवाद में बेटे ने अपने 80 वर्षीय पिता वीरेंद्र सिंह के साथ मारपीट की और उनकी जांघ की हड्डी तोड़ दी। इतने से मन नहीं भरा तो, अपने पिता को बिना पंखे वाले कमरे में बंद कर दिया। दर्द से कराह रहे बुजुर्ग को उनकी बेटी और नाती ने गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज चल रहा है। परिवार ने आरोपी बेटे और उसके कथित सहयोगियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

बेटे के बेहतर भविष्य के लिए छोड़ दी थी नौकरी

जानकारी के मुताबिक, वीरेंद्र सिंह मूल रूप से मैनपुरी के खपरी मोहल्ले के रहने वाले हैं। उन्होंने अपने इकलौते बेटे राजपाल सिंह के बेहतर भविष्य के लिए पूरी जिंदगी मेहनत की। पत्नी की मौत के बाद उन्होंने बेटे की परवरिश और पढ़ाई-लिखाई पर ध्यान देने के लिए अपनी नौकरी तक छोड़ दी। बताया जाता है कि उन्होंने पहले फौज में और बाद में अमीन के तौर पर काम किया था।

परिवार का कहना है कि जिस बेटे को काबिल बनाने के लिए वीरेंद्र सिंह ने अपनी जिंदगी और कमाई लगा दी, उसी बेटे पर अब बुढ़ापे में उन्हें प्रताड़ित करने का आरोप लगा है।

दर्द से कराहते मिले बुजुर्ग

परिजनों के मुताबिक, पिछले सप्ताह राजपाल ने कथित तौर पर अपने पिता की जांघ की हड्डी तोड़ दी और उन्हें कमरे में बंद कर दिया। 6 सितंबर को ग्रेटर नोएडा में रहने वाली उनकी बेटी और दिल्ली में रहने वाली नातिन मैनपुरी पहुंचीं। वहां उन्होंने वीरेंद्र सिंह को बिना पंखे वाले कमरे में दर्द से कराहते हुए देखा।

बुजुर्ग की हालत देखकर परिजन उन्हें तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे। जांच में उनकी जांघ की हड्डी टूटी होने की बात सामने आई। इसके बाद 7 सितंबर को उन्हें नोएडा के सेक्टर-39 स्थित जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।

गिरने से नहीं, चोट लगने का परिवार का दावा

बुजुर्ग के नाती अभिषेक का आरोप है कि उनके नाना की जांघ की हड्डी सामान्य तौर पर गिरने से नहीं टूटी, बल्कि उन पर प्रहार किया गया था। हालांकि, इन आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

ये भी पढ़ें: SEMICON India 2026: पीएम मोदी का बड़ा कदम, भारत बनेगा ग्लोबल सेमीकंडक्टर हब!

डॉक्टरों ने बुजुर्ग की गंभीर हालत को देखते हुए फिलहाल सर्जरी करने से इनकार किया है। परिवार अब बेहतर इलाज के लिए उन्हें दिल्ली के एम्स या किसी अन्य बड़े अस्पताल में ले जाने की कोशिश कर रहा है।

कार्रवाई की मांग

परिजनों का आरोप है कि वीरेंद्र सिंह को लंबे समय से परेशान किया जा रहा था और इस पूरे विवाद के पीछे संपत्ति का मामला है। परिवार ने आरोपी बेटे और उसके कथित सहयोगियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

इस घटना ने एक बार फिर बुजुर्ग माता-पिता की सुरक्षा और संपत्ति विवादों से जुड़े पारिवारिक संघर्ष पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। जिस पिता ने अपनी जिंदगी बेटे को संवारने में लगा दी, उसी पर बुढ़ापे में अत्याचार के आरोप लगना रिश्तों को झकझोर देने वाली घटना है।