सीतामढ़ी: बिहार में नशामुक्त समाज के निर्माण को लेकर चलाए जा रहे अभियान के तहत सीतामढ़ी जिले में जागरूकता कार्यक्रम शुरू किया गया है। नशे के दुष्प्रभावों के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए नुक्कड़ नाटक की पांच टीमों को विभिन्न प्रखंडों के लिए रवाना किया गया। जिलाधिकारी तनय सुल्तानिया ने हरी झंडी दिखाकर टीमों को रवाना किया।

170 चिन्हित स्थलों पर पहुंचेंगी टीमें

सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के तत्वावधान में आयोजित इस अभियान के तहत जिले के 170 चिन्हित स्थलों पर नुक्कड़ नाटक के माध्यम से नशामुक्ति का संदेश दिया जाएगा। इसके लिए महादलित टोलों, सरकारी विद्यालयों और अन्य सार्वजनिक स्थलों का चयन किया गया है। खास तौर पर सीमावर्ती क्षेत्रों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने पर जोर दिया गया है।

अभियान में शामिल सभी पांचों नुक्कड़ नाटक टीमें सूचना एवं जनसंपर्क विभाग से निबंधित हैं। ये टीमें नाटक, गीत-संगीत और संवाद के जरिए लोगों को नशे के शारीरिक, मानसिक, सामाजिक और पारिवारिक दुष्परिणामों से अवगत कराएंगी।

यह भी पढ़ें: दतिया NHM ब्लड बैंक में कर्मचारी की अनुपस्थिति पर सवाल, हाजिरी और वेतन भुगतान की जांच की मांग

नशे के खिलाफ जनभागीदारी पर जोर

जिलाधिकारी तनय सुल्तानिया ने कहा कि नशामुक्त समाज का निर्माण केवल प्रशासनिक प्रयासों से संभव नहीं है। इसके लिए समाज के सभी वर्गों की भागीदारी और सामूहिक संकल्प जरूरी है। नशा व्यक्ति के स्वास्थ्य को नुकसान पहुंचाने के साथ परिवार की खुशहाली और सामाजिक विकास को भी प्रभावित करता है।

उन्होंने आम लोगों से नशे से दूर रहने और अपने परिवार, गांव तथा समाज को नशामुक्त बनाने में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की। जिला प्रशासन की ओर से अभियान के तहत विभिन्न माध्यमों से जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं, ताकि नशामुक्त बिहार के संकल्प को जन-आंदोलन का रूप दिया जा सके। इस अवसर पर जिला जनसंपर्क पदाधिकारी कमल सिंह भी उपस्थित रहे।

रिपोर्ट: सतीश कुमार झा, सीतामढ़ी, बिहार

यह भी पढ़ें: उत्तराखंड कांग्रेस की गुटबाजी पर भाजपा का हमला, हरीश रावत-यशपाल आर्य के वायरल वीडियो पर साधा निशाना