UP Election 2027: उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव से पहले सपा के मुखिया अखिलेश यादव ने बीजेपी पर हमलों के साथ कई बड़े राजनीतिक ऐलान किए हैं। उन्होंने कहा कि सपा को मौका मिला तो अग्निवीर जैसी व्यवस्थाओं को हमेशा के लिए खत्म कर दिया जाएगा। इसके साथ ही उन्होंने दावा किया कि विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान होते ही बीजेपी की हार तय हो जाएगी। अखिलेश ने यूपी के कुछ प्रशासनिक अधिकारियों पर भी पक्षपात का आरोप लगाते हुए चुनाव आयोग को शिकायत भेजने की बात कही।
लखनऊ में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान अखिलेश यादव ने कहा, "उनकी पार्टी के सभी विधायकों, विधान परिषद सदस्यों और लोकसभा-राज्यसभा सांसदों के हस्ताक्षर जुटाए जा चुके हैं। इन हस्ताक्षरों के साथ उन अधिकारियों के खिलाफ चुनाव आयोग को पत्र लिखा जाएगा, जिन पर पिछले 10 वर्षों से बीजेपी के लिए काम करने का आरोप है।"
समाजवादियों को मौका मिला तो अग्निवीर हमेशा के लिए खत्म करेंगे
अग्निपथ योजना को लेकर अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी को जब भी मौका मिलेगा, वह अग्निवीर जैसी व्यवस्था को हमेशा के लिए समाप्त कर देगी।
उन्होंने कहा, ''मैं कहना चाहता हूं कि समाजवादियों को जब भी मौका मिलेगा, वे अग्निवीर जैसी व्यवस्थाओं को हमेशा के लिए खत्म कर देंगे।''
दरअसल, केंद्र सरकार ने इसी महीने अग्निपथ योजना में बदलाव किया है। संशोधित व्यवस्था के तहत चार साल की सेवा पूरी करने के बाद 25 फीसदी अग्निवीरों को योग्यता के आधार पर नियमित सशस्त्र बलों में शामिल किया जाएगा। वहीं, बाकी 75 फीसदी अग्निवीरों को स्वैच्छिक आधार पर दो साल की अतिरिक्त सेवा का विकल्प दिया गया है।
चुनाव की तारीख आते ही बीजेपी हार जाएगी
अखिलेश यादव ने बीजेपी पर निशाना साधते हुए कहा कि सत्ताधारी पार्टी के नेता भी जानते हैं कि इस बार जनता उन्हें सत्ता से बाहर करने वाली है। उन्होंने दावा किया कि लोग सिर्फ चुनाव की तारीखों के ऐलान का इंतजार कर रहे हैं।
सपा प्रमुख ने कहा, ''बीजेपी के लोग सरकार में बैठकर अपनी तैयारियां कर रहे हैं। उन्हें पता है कि इस बार जनता उन्हें हराएगी। सच्चाई यह है कि जिस दिन चुनाव की तारीख घोषित होगी, उसी दिन बीजेपी हार जाएगी। जनता सिर्फ उस तारीख का इंतजार कर रही है।''
10 साल से BJP के लिए काम कर रहे अधिकारियों की EC से करेंगे शिकायत
अखिलेश यादव ने उत्तर प्रदेश के प्रशासनिक अधिकारियों की निष्पक्षता पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी के सत्ता में आने के बाद से प्रदेश में होने वाले चुनावों के दौरान ऐसे अधिकारियों को नहीं हटाया गया, जो कथित तौर पर सत्ताधारी दल के पक्ष में काम करते रहे हैं।
उन्होंने कहा, ''हमारे सभी विधायक, MLC और लोकसभा-राज्यसभा सांसदों के हस्ताक्षर हमारे पास हैं। इन सभी जनप्रतिनिधियों के हस्ताक्षर के साथ उदाहरण देते हुए उन अधिकारियों के संबंध में चुनाव आयोग को पत्र लिखेंगे, जो पिछले 10 वर्षों से लगातार बीजेपी के लिए काम कर रहे हैं।''
उन्होंने आगे आरोप लगाया कि अधिकारियों के रिश्तेदारों को भी महत्वपूर्ण पदों पर बैठाया गया है। ऐसे लोगों से निष्पक्षता और न्याय की उम्मीद नहीं की जा सकती।
अवधेश चौहान के सपा में शामिल होने से सीतापुर-लखीमपुर में मजबूती का दावा
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान अखिलेश यादव ने अवधेश चौहान का समाजवादी पार्टी में स्वागत भी किया। उन्होंने कहा कि उनके पार्टी में शामिल होने से संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूती मिलेगी और सीतापुर व लखीमपुर क्षेत्र में PDA (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) समीकरण का विस्तार होगा।
अखिलेश ने कहा, ''अवधेश चौहान कम समय में पार्टी में शामिल होने की तैयारी करके आए हैं। उन्होंने बताया कि अवधेश ने पहले ही सपा में आने का मन बना लिया था। पार्टी सीतापुर और लखीमपुर क्षेत्र में अपने PDA आधार को और मजबूत करने के रास्ते तलाश रही थी। अवधेश चौहान के आने से संगठन को जमीनी ताकत मिलेगी।''
बता दें कि सपा मुखिया ने इस दौरान ये भी दावा किया कि इस बार सीतापुर में भी बीजेपी शून्य पर सिमट जाएगी।
2027 चुनाव से पहले सपा ने तेज की सियासी तैयारी
अग्निवीर योजना को खत्म करने का ऐलान, अधिकारियों के खिलाफ चुनाव आयोग जाने की तैयारी और नए नेताओं को पार्टी में शामिल करना, इन सभी घटनाक्रमों को सपा की 2027 चुनावी रणनीति से जोड़कर देखा जा रहा है। अखिलेश यादव लगातार PDA समीकरण को मजबूत करने और बीजेपी को कानून-व्यवस्था, रोजगार तथा प्रशासनिक निष्पक्षता के मुद्दों पर घेरने की कोशिश कर रहे हैं।