UP Assembly elections 2027: उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने पूर्ववर्ती सरकारों के कार्यकाल में हुए दंगों को लेकर समाजवादी पार्टी (SP) पर निशाना साधा है। उन्होंने दावा किया कि 2012 से 2017 के बीच प्रदेश में 815 दंगे दर्ज किए गए थे। इसके साथ ही उन्होंने मौजूदा कानून-व्यवस्था की तारीफ करते हुए कहा कि अब यूपी में दंगा कराने वाले या तो भगा दिए गए हैं या दफना दिए गए हैं।

पंकज चौधरी ने शनिवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और संकल्प शक्ति की भी तारीफ की। उन्होंने लिखा, ''माननीय प्रधानमंत्री का संकल्प फौलादी है, जो ठान लेते हैं, करके दिखाते हैं।''

815 दंगों का जिक्र कर पिछली सरकारों पर साधा निशाना
बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष ने अपनी एक अन्य पोस्ट में 2012 से 2017 के बीच उत्तर प्रदेश में दर्ज दंगों का आंकड़ा सामने रखते हुए पिछली सरकारों पर सवाल उठाए। उन्होंने लिखा, ''2012 से 2017 तक प्रदेश में 815 दंगे दर्ज किए गए थे... और अब उत्तर प्रदेश में दंगा कराने वाले या तो भगा दिए गए हैं या दफना दिए गए हैं।''

उनका यह बयान ऐसे समय आया है, जब बीजेपी 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटी है। पार्टी कानून-व्यवस्था और सुरक्षा को अपने चुनावी मुद्दों में प्रमुखता से शामिल करने की तैयारी कर रही है।

योगी भी पहले सपा को बता चुके हैं 'सैफई सिंडिकेट'
इससे पहले अक्टूबर में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी प्रदेश की कानून-व्यवस्था को लेकर अपनी सरकार की पीठ थपथपाई थी। उन्होंने डबल इंजन सरकार की अपराध और अपराधियों के प्रति जीरो टॉलरेंस नीति का जिक्र करते हुए कहा था कि पिछले साढ़े नौ वर्षों में सरकार ने अराजक तत्वों पर लगाम लगाई है और प्रदेश में कानून का राज स्थापित किया है।

मुख्यमंत्री ने समाजवादी पार्टी पर हमला बोलते हुए उसे 'सैफई सिंडिकेट' बताया था। उन्होंने कहा था कि 2017 से पहले उत्तर प्रदेश में अशांति, संघर्ष और दंगे आम बात हो गए थे। वहीं, मौजूदा समय में प्रदेश में शारदीय नवरात्र और रामलीला जैसे बड़े आयोजन शांतिपूर्ण तरीके से हो रहे हैं।

योगी आदित्यनाथ ने कहा था कि अन्याय, अत्याचार और आतंक का खात्मा कर ही न्याय, शांति और भयमुक्त समाज की स्थापना की जा सकती है। उन्होंने महिला सुरक्षा और सशक्तीकरण को लेकर सरकार के प्रयासों का भी उल्लेख किया था।

2027 के लिए BJP ने तैयार की तीन मुद्दों वाली रणनीति
पंकज चौधरी का बयान बीजेपी की आगामी चुनावी रणनीति के लिहाज से भी अहम माना जा रहा है। पार्टी 2027 के विधानसभा चुनाव में सांस्कृतिक राष्ट्रवाद, विकास और सुरक्षा को अपने तीन प्रमुख आधारों के रूप में पेश करने की तैयारी कर रही है।

इन मुद्दों पर 16 और 17 नवंबर को मथुरा में आयोजित दो दिवसीय चिंतन शिविर में चर्चा हुई थी। सूत्रों के मुताबिक, बैठक में सपा प्रमुख अखिलेश यादव के PDA (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) समीकरण का मुकाबला करने के तरीकों पर भी विचार किया गया।

बीजेपी की रणनीति में हिंदुत्व के मुद्दे को मजबूत करने के साथ विकास कार्यों को जनता के सामने रखने पर जोर है। इसके अलावा केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं तथा महिला सुरक्षा को भी चुनावी अभियान का प्रमुख हिस्सा बनाया जा सकता है।

2022 में BJP ने जीती थीं 255 सीटें
उत्तर प्रदेश विधानसभा में कुल 403 सीटें हैं। साल 2022 के चुनाव में बीजेपी ने 255 सीटों पर जीत दर्ज की थी। अब पार्टी लगातार तीसरी बार सत्ता में वापसी की तैयारी कर रही है। ऐसे में कानून-व्यवस्था, विकास और सांस्कृतिक राष्ट्रवाद के मुद्दों के जरिए मतदाताओं तक पहुंच बनाने की कोशिश तेज हो गई है। 

और पढ़ें: मणिपुर में जहरीली शराब से 15 लोगों की मौत, 150 से ज्यादा अस्पताल में भर्ती; राहुल गांधी बोले- हादसा नहीं, BJP सरकार की लापरवाही