नई दिल्ली: मणिपुर में जहरीली शराब पीने से हुई मौतों ने पूरे राज्य में हड़कंप मचा दिया है। चंदेल जिले में कथित तौर पर जहरीली शराब पीने के बाद अब तक कम से कम 15 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि करीब 150 मरीज अस्पताल में भर्ती हैं। इस घटना को लेकर लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने बीजेपी सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने इसे महज हादसा मानने से इनकार करते हुए राज्य सरकार की लापरवाही का नतीजा बताया है।

राहुल गांधी ने शनिवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की। उन्होंने अस्पताल में भर्ती लोगों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करते हुए दोषियों के खिलाफ तत्काल सख्त कार्रवाई और प्रभावित परिवारों को उचित मुआवजा देने की मांग की।

राहुल गांधी ने लिखा, ''मणिपुर में जहरीली शराब पीने से कई लोगों की मौत की खबर बेहद दुखद है। शोकाकुल परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं और अस्पताल में भर्ती मरीजों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं। यह कोई हादसा नहीं, बल्कि बीजेपी सरकार की लापरवाही का नतीजा है। पहले हिंसा ने सैकड़ों घर उजाड़ दिए और अब जहरीली शराब लोगों की जिंदगी तबाह कर रही है, लेकिन सरकार अब भी सो रही है। जिम्मेदार लोगों के खिलाफ तत्काल सख्त कार्रवाई होनी चाहिए और प्रभावित परिवारों को बिना देरी पूरा सहयोग व उचित मुआवजा मिलना चाहिए।''

जहरीली शराब से 15 की मौत, 150 मरीज अस्पताल में भर्ती

जानकारी के मुताबिक, चंदेल जिले के चकपी करोंग और आसपास के इलाकों में स्थानीय स्तर पर बनी शराब पीने के बाद कई लोगों की तबीयत बिगड़ गई। आशंका जताई जा रही है कि शराब में जहरीला मेथनॉल मिला हुआ था। इसके सेवन से लोगों में मेथनॉल विषाक्तता के लक्षण दिखाई दिए।

इस घटना के बाद इंफाल के शिजा हॉस्पिटल एंड रिसर्च इंस्टीट्यूट में करीब 150 मरीजों का इलाज और जांच चल रही है। वहीं, बाबिना अस्पताल में भी कई प्रभावित लोगों को भर्ती कराया गया है। पीड़ितों में वयस्क और मध्यम आयु वर्ग के लोग शामिल हैं।

मुख्यमंत्री ने अस्पताल पहुंचकर लिया जायजा

घटना की गंभीरता को देखते हुए मणिपुर के मुख्यमंत्री युमनाम खेमचंद सिंह ने शुक्रवार को शिजा अस्पताल और बाबिना अस्पताल का दौरा किया। उन्होंने मरीजों के इलाज की व्यवस्था का जायजा लिया और अधिकारियों को बेहतर से बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने चंदेल जिले में जरूरी दवाओं के साथ विशेषज्ञ डॉक्टरों की मेडिकल टीम भी भेजी। राज्य सरकार ने मामले की जांच के आदेश दिए हैं और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का भरोसा दिलाया है।

प्रशासन ने जारी की एडवाइजरी

चंदेल जिला प्रशासन ने लोगों को संदिग्ध और अवैध तरीके से बनाई गई स्थानीय शराब का सेवन नहीं करने की सलाह दी है। प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि अगर कहीं अवैध शराब बनाने या बेचने की जानकारी मिलती है तो तत्काल इसकी सूचना अधिकारियों को दें।

दो से तीन दिनों में फैला मामला

चंदेल जिला मुख्यालय के सुमिल लांग्हू ने ANI को बताया कि पिछले दो से तीन दिनों के दौरान यह मामला सामने आया है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, लोगों की तबीयत स्थानीय शराब के सेवन के बाद बिगड़ी।

उन्होंने बताया कि अब तक 15 लोगों की मौत की जानकारी मिली है। शिजा अस्पताल में करीब 150 मरीज जांच और इलाज के लिए पहुंचे हैं, जबकि बाबिना अस्पताल में भी कई लोगों का उपचार चल रहा है।

लांग्हू ने इस घटना को बेहद दुर्भाग्यपूर्ण बताया और कहा कि मुख्यमंत्री की ओर से मिले सहयोग तथा आर्थिक सहायता के आश्वासन से प्रभावित लोगों को राहत मिली है।

फिलहाल, इस घटना ने एक बार फिर अवैध और मिलावटी शराब के खतरे को उजागर कर दिया है। प्रशासन की जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि जहरीला पदार्थ शराब में कैसे पहुंचा और इस जानलेवा घटना के लिए कौन जिम्मेदार है। 

और पढ़ें: सीतामढ़ी में नशामुक्ति अभियान को मिलेगी रफ्तार, 170 जगहों पर नुक्कड़ नाटक से होगा जागरूकता कार्यक्रम