असम के नगांव लोकसभा उपचुनाव में प्रचार खत्म होने से ठीक एक दिन पहले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) ने अपना चुनावी अभियान तेज कर दिया है। NDA उम्मीदवार देबाशीष शर्मा के समर्थन में नगांव लोकसभा क्षेत्र की सभी आठ विधानसभा सीटों में बड़े पैमाने पर जनसंपर्क अभियान चलाया गया।

1,100 से अधिक हुई चुनावी सभाएं

बीजेपी मीडिया पैनलिस्ट और नगांव उपचुनाव के मीडिया प्रभारी दिलीप कुमार सरमा के मुताबिक, मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने अभियान की कमान संभालते हुए लोकसभा क्षेत्र के सभी विधानसभा क्षेत्रों में 15 बड़ी जनसभाओं को संबोधित किया। पार्टी के अनुसार, वरिष्ठ नेताओं और स्टार प्रचारकों ने मिलकर क्षेत्र में 1,100 से अधिक छोटी-बड़ी चुनावी सभाएं की।

अभियान में केंद्रीय मंत्री भी रहें शामिल

अभियान में केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल, प्रदेश बीजेपी अध्यक्ष एवं सांसद दिलीप सैकिया, असम गण परिषद (AGP) के अध्यक्ष अतुल बोरा, असम विधानसभा अध्यक्ष विश्वजीत दैमारी समेत कई वरिष्ठ नेता शामिल रहे। राज्य सरकार के मंत्री पीयूष हजारिका, जयंत मल्ल बरुआ, केशब महंत, रामेश्वर तेली, सुशांत बोरगोहेन और अजंता नेउग समेत अन्य नेताओं ने भी प्रचार किया।

2309 बूथों पर एक साथ पदयात्रा

पार्टी ने बताया कि प्रचार के आखिरी दिन नगांव लोकसभा क्षेत्र के सभी 2,309 मतदान केंद्रों पर बूथ समितियों की ओर से एक साथ पदयात्राएं निकाली जाएंगी। ये पदयात्राएं सुबह 11 बजे शुरू होंगी, जिनमें पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ स्थानीय मतदाता और समर्थक भी शामिल होंगे।

5000 से ज्यादा हुए आंगन बैठके

बीजेपी के मुताबिक  नगांव और मोरीगांव जिलों की 25 मंडल समितियों ने व्यापक घर-घर संपर्क अभियान चलाने के साथ 5,000 से अधिक आंगन बैठकें आयोजित की। इसके अलावा बीजेपी के विभिन्न मोर्चों ने भी मतदाताओं को जोड़ने के लिए 9,500 से अधिक आंगन बैठके की।

ये भी पढ़ें- BJP ने UP में जारी की नई मीडिया टीम की लिस्ट, 31 नेताओं को बनाया प्रदेश प्रवक्ता

महिला मोर्चा ने की सबसे ज्यादा बैठके

इनमें नगांव महिला मोर्चा ने 1,654, नगांव युवा मोर्चा ने 690, मोरीगांव युवा मोर्चा ने 621, नगांव अल्पसंख्यक मोर्चा ने 397 और मोरीगांव महिला मोर्चा ने 350 बैठके की। किसान, ओबीसी, एससी और एसटी मोर्चों ने भी अलग-अलग स्तर पर मतदाताओं से संपर्क किया।

बीजेपी समन्वयक ने कहा कि 25 मंडलों में बहुस्तरीय और व्यापक जनसंपर्क अभियान के जरिए NDA ने प्रचार अभियान के अंतिम चरण में मतदाताओं को अपने पक्ष में लामबंद करने के लिए पूरी ताकत झोंक दी है।