MP Cabinet Decisions: मध्य प्रदेश में विकास, बुनियादी ढांचे और जनकल्याण से जुड़ी योजनाओं को लेकर मुख्यमंत्री मोहन यादव की अध्यक्षता में सोमवार को कैबिनेट बैठक हुई। राज्य सचिवालय में आयोजित इस बैठक में सरकार ने 7,000 करोड़ रुपये से अधिक के विभिन्न प्रस्तावों को मंजूरी दी। इसमें ओंकारेश्वर में 'अद्वैत लोक' के निर्माण से लेकर बिजली कनेक्शन, सहकारी बैंकों की आर्थिक मदद और पशुपालकों की आय बढ़ाने से जुड़े फैसले शामिल हैं।

बैठक के बाद सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (MSME) मंत्री चेतन्य काश्यप ने कैबिनेट के फैसलों की जानकारी दी।

ओंकारेश्वर में बनेगा 'अद्वैत लोक', 2,278 करोड़ रुपये मंजूर
कैबिनेट ने ओंकारेश्वर स्थित एकात्म धाम में वेदांत पीठ की स्थापना की पहल के तहत 'अद्वैत लोक' के निर्माण के लिए 2,278.99 करोड़ रुपये की मंजूरी दी है। इस परियोजना का उद्देश्य ओंकारेश्वर को आध्यात्मिक और सांस्कृतिक पहचान के एक प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करना है।

इसके अलावा सामान्य प्रशासन विभाग की 23 योजनाओं को जारी रखने के लिए 3,059.07 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं।

मुख्यमंत्री स्वेच्छानुदान योजना के लिए 1,165 करोड़
कैबिनेट ने 16वें वित्त आयोग की अवधि यानी 2026-27 से 2030-31 तक मुख्यमंत्री स्वेच्छानुदान योजना के लिए 1,165 करोड़ रुपये मंजूर किए हैं। इस राशि का इस्तेमाल जनकल्याण और जरूरतमंद लोगों को सहायता देने से जुड़े कार्यों में किया जाएगा।

कमजोर सहकारी बैंकों को मिलेगी 325 करोड़ की मदद
प्रदेश के आर्थिक रूप से कमजोर नौ जिला सहकारी केंद्रीय बैंकों को मजबूत करने के लिए 325 करोड़ रुपये की शेयर कैपिटल सहायता को भी मंजूरी दी गई है।

इसमें रीवा, सतना, दतिया, शिवपुरी और जबलपुर के पांच बैंकों को 25-25 करोड़ रुपये दिए जाएंगे। वहीं रायसेन, मुरैना, सागर और सीधी के चार बैंकों को 50-50 करोड़ रुपये की सहायता मिलेगी। यह राशि वित्त वर्ष 2026-27 के दौरान दी जाएगी।

46 हजार से अधिक घरों तक पहुंचेगी बिजली
कैबिनेट ने केंद्र सरकार की रिवैम्प्ड डिस्ट्रीब्यूशन सेक्टर स्कीम (RDSS) के पहले चरण के तहत 193.72 करोड़ रुपये की कार्ययोजना को मंजूरी दी है।

इस योजना के तहत प्रदेश की 1,834 बसाहटों में 46,574 ऐसे घरों तक बिजली कनेक्शन पहुंचाया जाएगा, जहां अभी तक बिजली की सुविधा नहीं है। इसके अलावा 54 सरकारी सार्वजनिक संस्थानों को भी बिजली कनेक्शन उपलब्ध कराने की योजना है।

इस परियोजना में केंद्र सरकार 116.24 करोड़ रुपये का अनुदान देगी, जबकि राज्य सरकार की ओर से 77.48 करोड़ रुपये का योगदान दिया जाएगा।

दूध उत्पादन बढ़ाने के लिए गोपाल-कृष्ण ग्राम पुरस्कार योजना
कैबिनेट ने गोपाल-कृष्ण ग्राम पुरस्कार योजना को भी मंजूरी दी है। इसका उद्देश्य प्रदेश में दूध उत्पादन बढ़ाना और देसी गोवंश की नस्लों को प्रोत्साहित करना है।

योजना के जरिए दूध उत्पादन को दोगुना करने, मध्य प्रदेश को देश की 'मिल्क कैपिटल' बनाने और पशुपालकों की आय बढ़ाने का लक्ष्य रखा गया है।

सहकारी संस्थाओं के चुनाव की अवधि एक साल बढ़ी
कैबिनेट ने बहुउद्देशीय प्राथमिक कृषि साख सहकारी समितियों के लंबित चुनावों की अवधि एक साल बढ़ाने का फैसला किया है। दरअसल, पहले से शामिल नहीं हो सकी ग्राम पंचायतों में इन समितियों का पुनर्गठन किया जा रहा है।

यह अवधि मार्केटिंग समितियों, जिला सहकारी बैंकों और जरूरत के अनुसार अन्य सहकारी संस्थाओं पर भी लागू होगी। इसके लिए सहकारिता विभाग को सहकारी समितियां अधिनियम के तहत जरूरी कार्रवाई करने का अधिकार दिया गया है।

खनिज सर्वेक्षण के लिए राज्य खनिज निगम बनेगा नोडल एजेंसी
मध्य प्रदेश राज्य खनिज निगम लिमिटेड को राज्य खनिज अन्वेषण नीति के तहत खनिजों की खोज और सर्वेक्षण गतिविधियों के लिए नोडल एजेंसी नियुक्त किया गया है।

इसके तहत भूवैज्ञानिक, भूभौतिकीय और भू-रासायनिक सर्वेक्षण, हवाई सर्वेक्षण और ड्रिलिंग जैसे कार्यों के लिए पारदर्शी प्रक्रिया के जरिए बाहरी एजेंसियों की नियुक्ति की जाएगी। सरकार की योजना के मुताबिक, प्रदेश के मध्य और पश्चिमी हिस्सों के कैटेगरी-3 क्षेत्रों में सर्वेक्षण का काम दिसंबर 2028 तक पूरा किया जाएगा।

विकास और जनकल्याण पर सरकार का फोकस
मध्य प्रदेश कैबिनेट के इन फैसलों में धार्मिक पर्यटन, बिजली सुविधा, पशुपालन, सहकारी बैंकिंग और खनिज संसाधनों के विकास को प्राथमिकता दी गई है। सरकार का लक्ष्य इन योजनाओं के जरिए बुनियादी सुविधाओं का विस्तार करने के साथ प्रदेश की आर्थिक गतिविधियों को भी गति देना है। 

और पढ़ें: दिल्ली-NCR में पुराने वाहनों की एंट्री होगी बंद? सुप्रीम कोर्ट ने दिया BS-6 नियम का संकेत