Mathura News: उत्तर प्रदेश के मथुरा में पुलिस ने चोरी और खोए फोन को बरामद कर बड़ी सफलता हासिल की है। सर्विलांस और 5 अधिकारियों की स्पेशल टीम ने यह कार्रवाई की है। इसके लिए पुलिस ने स्पेशल ऑपरेशन चलाया था, जिसके अंतर्गत पुलिस ने 2 करोड़ की कीमत के 543 मोबाइल फोन बरामद किए हैं। अभी तक 311 मोबाइल फोन पुलिस ने उनके मालिकों को सौंप दिए हैं। 232 मोबाइल फोन अभी भी उनके मालिकों को वापस लौटाने के लिए पुलिस संपर्क कर उन्हें थाने बुलाएगी।

धार्मिक स्थलों पर यात्रा करने आए तीर्थ यात्रियों के हैं ज्यादातर मोबाइल फोन

12 मई से 30 सितंबर के बीच लापता या चोरी मोबाइल फोन देश के अलग-अलग हिस्सों से पुलिस ने ट्रेस कर सीईआईआर पोर्टल के जरिए बरामद किए हैं। इसके अंतर्गत पुलिस ने पड़ोसी राज्यों की पुलिस बलों का सहयोग भी लिया है। पुलिस के मुताबिक बरामद किए गए अधिकांश फोन जिले के अलग-अलग धार्मिक स्थलों में यात्रा करने आए तीर्थ यात्रियों और श्रद्धालुओं के थे। इसमें वृंदावन पुलिस स्टेशन ने 140 मोबाइल फोन, गोवर्धन पुलिस ने 72 मोबाइल फोन और गोवर्धन की पर्यटन पुलिस स्टेशन ने 64 मोबाइल फोन बरामद किए।

कई हैंडसेट भी उनके मालिकों को सौंपे

इस पूरे ऑपरेशन में कोटवाली, कोसी कलां, जैत और राजमार्ग पुलिस स्टेशनों की पुलिस टीमों ने भी मोबाइल फोन बरामदगी अभियान में महत्वपूर्ण योगदान दिया। एसपी क्राइम श्वेता यादव ने पुलिस लाइंस में बरामद किए। इसमें कई हैंडसेट औपचारिक तौर पर उनके असली मालिकों को सौंपे हैं। जबकि 311 फोन पहले ही संबंधित पुलिस स्टेशन स्तर पर लौटाए गए थे। दिल्ली और उत्तराखंड समेत कई राज्यों के फोन मालिकों ने अपने फोन पुलिस से ले लिए हैं।

क्या बोली एसपी क्राइम श्वेता यादव

एसपी क्राइम श्वेता यादव द्वारा मिली जानकारी के मुताबिक सीईआईआर पोर्टल की मदद और पुलिस की सर्विलांग के जरिए पुलिस स्टेशन की तमाम टीमों को लापता मोबाइल फोन की बरामदगी के लिए लगाया गया था। एसपी ने बताया कि हमने पिछले कुछ महीनों में गुम या चोरी हुए 2 करोड़ के 543 मोबाइल फोन ट्रैक करके बरामद किए।

इसमें 311 फोन थाने में उनके मालिकों को सौंपे जा चुके हैं, बाकी मोबाइल फोन को जल्द से जल्द पुलिस लाइंस में मालिकों को बुलाकर सौंपा जाएगा। अपने मोबाइल फोन वापस पाकर नागरिकों और तीर्थयात्रियों ने अपनी खुशी व्यक्त की। मथुरा पुलिस द्वारा खोए हुए मोबाइल फोन को ढूंढ निकालने के लिए लोगों ने पुलिस की सराहना भी की है।

यह भी पढ़ें: आचार्य प्रमोद कृष्णम ने सपा सांसद अवधेश प्रसाद पर कसा तंज, बोले- 'अगर ज्ञानेश कुमार बेईमान हैं तो अवधेश प्रसाद सांसद कैसे बन गए?