नई दिल्ली: कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के FICCI के शताब्दी समारोह में दिए गए भाषण को लेकर तीखा हमला बोला है। खरगे ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री अपनी सरकार की नाकामियों का ठीकरा उद्योग जगत और कारोबारियों पर फोड़ रहे हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि ऐसा लगा जैसे प्रधानमंत्री विपक्ष के नेता की भूमिका निभा रहे हों। खरगे के मुताबिक, प्रधानमंत्री को 12 साल बाद उद्योग जगत की समस्याओं और रोजगार की याद आई है।

खड़गे ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक पोस्ट में कहा कि कांग्रेस आर्थिक उदारीकरण की जननी रही है और देश में सबसे अधिक दशकीय औसत आर्थिक विकास कांग्रेस-UPA सरकार के कार्यकाल में दर्ज किया गया था। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री ने FICCI के मंच से अपनी नाकामियों के लिए कारोबारी समुदाय को जिम्मेदार ठहराया।

मेक इन इंडिया' को बना दिया 'बाय फ्रॉम चाइना
कांग्रेस अध्यक्ष ने केंद्र सरकार पर चुनिंदा पूंजीपतियों को फायदा पहुंचाने और छोटे कारोबारियों की कमर तोड़ने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस हमेशा बाजार में सभी को समान अवसर देने की वकालत करती रही, लेकिन मोदी सरकार ने देश के संसाधन एक-दो बड़े पूंजीपतियों को सौंप दिए।

खड़गे ने दावा किया कि बाजार में स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की कमी से नवाचार प्रभावित हुआ है। इसके चलते विनिर्माण की गुणवत्ता गिरी और भारतीय उत्पादों की वैश्विक साख को भी नुकसान पहुंचा। उन्होंने सरकार की 'मेक इन इंडिया' पहल पर निशाना साधते हुए कहा कि यह योजना अब 'बाय फ्रॉम चाइना' में बदल गई है।

खड़गे ने बेरोजगारी, महंगाई और घटती बचत को लेकर भी सरकार को घेरा। उन्होंने आरोप लगाया कि सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रम (PSU) बंद किए जा रहे हैं और अर्थव्यवस्था पर कुछ चुनिंदा पूंजीपतियों का प्रभाव बढ़ता जा रहा है। कांग्रेस अध्यक्ष ने इसे भारतीय अर्थव्यवस्था के सामने सबसे बड़ी चुनौती और आर्थिक आपदा करार दिया।

PM मोदी ने कारोबारियों से पूछा- कर्मचारियों की सैलरी बढ़ाई या नहीं?
दरअसल, गुरुवार को FICCI के शताब्दी समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उद्योग जगत के दिग्गजों से रोजगार और कर्मचारियों की सैलरी बढ़ाने को लेकर सवाल किया था। उन्होंने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में सरकार ने कारोबार को आसान बनाने (Ease of Doing Business) पर विशेष ध्यान दिया है।

पीएम मोदी ने बताया कि साल 2014 में कॉरपोरेट टैक्स की मूल दर 30 फीसदी थी, जिसे घटाकर 22 फीसदी कर दिया गया। इसके अलावा उन्होंने कहा कि भारत में 12 लाख रुपये तक की आय पर इनकम टैक्स नहीं लगता।

प्रधानमंत्री ने उद्योगपतियों पर तंज कसते हुए कहा कि सरकार ने टैक्स में राहत दी, लेकिन क्या कारोबारियों ने अपने कर्मचारियों की सैलरी बढ़ाई? क्या कर्मचारियों की संख्या में इजाफा किया? उन्होंने कहा कि कारोबारियों का रवैया अब भी यही है कि मोदी जी आप करिए, हम बाद में देखेंगे।

 और पढ़ें: NDA में 36 सीटों की मांग पर अखिलेश का बड़ा दावा, बोले- 'लिस्ट नहीं, एक बहाना है'