Gold-Silver Price: सोना और चांदी खरीदने वालों के लिए बड़ी खबर है। भारतीय सर्राफा बाजार में दोनों कीमती धातुओं की कीमतों में लगातार गिरावट देखने को मिल रही है। शुक्रवार, 20 नवंबर को सोने की कीमत में करीब 4 फीसदी और चांदी में करीब 6 फीसदी तक की गिरावट दर्ज की गई। मजबूत अमेरिकी डॉलर और अमेरिकी फेडरल रिजर्व की ब्याज दरों में बढ़ोतरी की आशंका के चलते कीमती धातुओं पर दबाव बना हुआ है। इसका असर घरेलू वायदा बाजार से लेकर अंतरराष्ट्रीय बाजार तक दिखाई दे रहा है।

कितना है दाम

चांदी की कीमतों (Silver Rate Today) में लगातार बदलाव हो रहा है। आज शुक्रवार बाजार ओपन होने के बाद कीमतों में फिर जबरदस्त गिरावट हुई। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर चांदी का वायदा भाव दोपहर तक 4.92% गिरकर यानी 7747 रुपये गिरावट के साथ 1,49,735 रुपये प्रति किलो हो गया।

वहीं बात करें सोने की तो मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर 24 कैरेट सोने का वायदा भाव दोपहर तक 3.65% लुढ़ककर यानी 4652 रुपये गिरावट के साथ 1,22,800 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गया। यह पिछले कारोबारी दिन 1,27,452 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था।

8वें कारोबारी दिन गिरावट

बुलियंस डॉट को डॉट इन के मुताबिक 24 कैरेट सोने का दाम 1,23,310 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गया जबकि अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने की कीमत 3,559.60 डॉलर प्रति औंस हो गई। दिल्ली के सर्राफा बाजार में सोने की कीमतों में लगातार 8वें कारोबारी दिन गिरावट हुई।

सोना टूटकर 1,34,500 रुपये प्रति 10 ग्राम रह गया। उधर गुडरिटर्न्स के अनुसार 24 कैरेट सोने की कीमत 1,25,720 रुपये, 22 कैरेट की कीमत 1,15,250 रुपये, 18 कैरेट की कीमत 94,330 रुपये प्रति 10 ग्राम है।

चांदी की कीमत में भी आई कमी

जबकि पिछले कारोबारी सत्र में चांदी 1,57,482 रुपये प्रति किलो पर बंद हुई थी। बुलियंस के मुताबिक चांदी की कीमत 1,50,430 रुपये किलो हो गई। जबकि अंतरराष्ट्रीय बाजार में 42.09 डॉलर प्रति औंस हो गई। उधर गुडरिटर्न्स के मुताबिक चांदी की कीमत 5000 रुपये घटकर 1,75,000 रुपये किलो हो गई, आगे जानते हैं इसके मुताबिक देश के अलग-अलग शहरों में चांदी के ताजा रेट क्या हैं।

आखिर क्यों लगातार गिर रहे हैं सोना-चांदी के भाव?

बाजार में गिरावट के पीछे कई बड़े कारण बताए जा रहे हैं।

अमेरिकी डॉलर में मजबूती: डॉलर मजबूत होने से अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने की मांग पर दबाव बढ़ता है।

ब्याज दरों में बढ़ोतरी की आशंका: अमेरिकी फेडरल रिजर्व की दिसंबर बैठक में ब्याज दरें बढ़ने की संभावना से निवेशकों का रुझान बदल रहा है।

बॉन्ड यील्ड में बढ़ोतरी: अमेरिकी बॉन्ड यील्ड बढ़ने से सोने जैसे बिना ब्याज वाले निवेश का आकर्षण कम होता है।

निवेशकों की बिकवाली: वैश्विक बाजारों में मुनाफावसूली और नकदी जुटाने के लिए सोने-चांदी की बिकवाली भी कीमतों पर दबाव बना रही है।

 

यह भी पढ़ें: Delhi To Hapur: दिल्ली को मिलीं 100 नई इलेक्ट्रिक बसें, CM ने दिखाई हरी झंडी, कनेक्टिविटी से मिलेगी मदद