Delhi News: आम आदमी पार्टी (AAP) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल को जान से मारने की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया है। धमकी देने वाले शख्स ने कथित तौर पर खुद को लॉरेंस बिश्नोई गैंग का सदस्य बताते हुए 7 करोड़ रुपये की फिरौती मांगी है। इतना ही नहीं, रकम नहीं देने पर केजरीवाल और उनकी बेटी हर्षिता केजरीवाल की हत्या करने की धमकी भी दी गई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पंजाब पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक, दिल्ली की तिलक नगर विधानसभा सीट से विधायक जरनैल सिंह को एक धमकी भरा फोन कॉल और व्हाट्सऐप मैसेज मिला था। इसमें आरोपी ने खुद को लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़ा बताते हुए अरविंद केजरीवाल से 7 करोड़ रुपये की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि अगर पैसे नहीं दिए गए तो केजरीवाल और उनकी बेटी हर्षिता को जान से मार दिया जाएगा।
विधायक की शिकायत पर FIR, साइबर टीम जांच में जुटी
धमकी मिलने के बाद विधायक जरनैल सिंह ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। मोहाली पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम (IT Act) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। मामले की जांच साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन के इंस्पेक्टर सुनील कुमार को सौंपी गई है।
फिलहाल पुलिस आरोपी तक पहुंचने के लिए कॉल रिकॉर्ड, आईपी लॉग और मोबाइल नंबर से जुड़ी लोकेशन की जांच कर रही है। विधायक ने अरविंद केजरीवाल और उनके परिवार की सुरक्षा के लिए पर्याप्त इंतजाम करने की मांग भी की है।
पंजाब में गैंगस्टरों पर पुलिस का बड़ा एक्शन
इस बीच पंजाब पुलिस ने गैंगस्टर नेटवर्क के खिलाफ अपनी कार्रवाई तेज कर दी है। एजीटीएफ पंजाब के साथ मिलकर राज्यभर में चिह्नित ठिकानों पर छापेमारी की गई। इस अभियान के तहत 406 स्थानों पर रेड की गई, जिसमें 87 लोगों को गिरफ्तार किया गया। वहीं, दो घोषित अपराधियों को भी दबोचा गया।
पुलिस के मुताबिक, अभियान शुरू होने के बाद से अब तक कुल गिरफ्तारियों की संख्या 83,529 तक पहुंच गई है। पुलिस का कहना है कि गैंगस्टर नेटवर्क को खत्म करने और राज्य में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए अभियान जारी रहेगा।
अमेरिका में पकड़ा गया लॉरेंस गैंग का ऑपरेटिव हैरी बॉक्सर
लॉरेंस बिश्नोई गैंग के खिलाफ कार्रवाई के बीच 7 नवंबर को एक और बड़ी खबर सामने आई थी। गैंग का सक्रिय सदस्य हैरी बॉक्सर, जिसका असली नाम हरिचंद जाट है, अमेरिकी अधिकारियों ने कैलिफोर्निया में हिरासत में लिया था। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल और हरियाणा एसटीएफ से मिले इनपुट के बाद यह कार्रवाई हुई।
राजस्थान के कोटपूतली-बहरोड़ जिले के बानसूर इलाके का रहने वाला हैरी बॉक्सर कथित तौर पर विदेश से गैंग के फिरौती नेटवर्क को संचालित करने में अहम भूमिका निभा रहा था। जयपुर में बॉक्सिंग सीखने के कारण उसे 'बॉक्सर' नाम मिला था।
बताया जाता है कि अपराध की दुनिया में आने से पहले वह प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करता था और बॉक्सिंग कोच के रूप में भी काम कर चुका था। उसके खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास, मारपीट, फायरिंग और कारोबारियों को फिरौती के लिए धमकाने जैसे कई मामले दर्ज हैं। दिल्ली, राजस्थान, पंजाब और हरियाणा में भी उसका नाम कई आपराधिक मामलों में सामने आया है।
फिलहाल केजरीवाल को मिली धमकी के मामले में पुलिस की जांच जारी है। सबसे बड़ा सवाल यही है कि 7 करोड़ की फिरौती मांगने और परिवार को जान से मारने की धमकी देने वाला शख्स कौन है और उसका लॉरेंस बिश्नोई गैंग से वास्तव में कोई संबंध है या नहीं।
और पढ़ें: दिल्ली में संगठित अपराध और अवैध हथियारों पर शिकंजे की तैयारी, पुलिस मुख्यालय पहुंचेंगे अमित शाह