Arunachal Pradesh Fire Incident: अरुणाचल प्रदेश के कुरुंग कुमे जिले में गुरुवार तड़के भीषण आग लगने से बड़ा हादसा हो गया। पारसी पार्लो इलाके में लगी आग ने देखते ही देखते कई घरों को अपनी चपेट में ले लिया। इस दर्दनाक हादसे में कम से कम चार लोगों की मौत हो गई, जबकि 20 मकान जलकर राख हो गए। घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। हादसे की पुष्टि 21-कोलोरियांग (एसटी) विधानसभा क्षेत्र के बीजेपी विधायक पानी ताराम ने की है।
सुबह-सुबह आग ने मचाई तबाही, 20 घर खाक
जानकारी के मुताबिक, गुरुवार सुबह कुरुंग कुमे जिले के पारसी पार्लो सर्किल में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि लोगों को संभलने और अपना सामान निकालने तक का मौका नहीं मिला। देखते ही देखते 20 घर आग की चपेट में आकर राख हो गए। इस हादसे में चार लोगों की जान चली गई। वहीं, कुछ लोगों के लापता होने की भी आशंका जताई जा रही है।
किरेन रिजिजू ने जताया दुख, पीड़ित परिवारों के लिए की प्रार्थना
हादसे पर केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने गहरा दुख जताया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर कहा कि पारसी पार्लो सर्किल में हुई आग की घटना बेहद हृदयविदारक है। कई परिवारों ने अपने घर खो दिए हैं और इस समय भारी मुश्किलों का सामना कर रहे हैं।
रिजिजू ने मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए लापता लोगों की सुरक्षित वापसी की प्रार्थना की। उन्होंने कहा कि इस कठिन समय में प्रभावित परिवारों को मजबूती मिले।
प्रशासन और राहत टीमों के प्रयासों की सराहना
केंद्रीय मंत्री ने स्थानीय प्रशासन, आपातकालीन सेवाओं, स्वयंसेवकों और स्थानीय निवासियों के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि प्रभावित परिवारों तक समय पर राहत और सहायता पहुंचाना सबसे बड़ी प्राथमिकता होनी चाहिए।
हादसे के बाद राहत कार्य जारी, विस्तृत जानकारी का इंतजार
इस अग्निकांड में जान-माल का भारी नुकसान हुआ है। प्रभावित परिवारों के सामने रहने और जरूरी सामान की व्यवस्था करने की चुनौती खड़ी हो गई है। फिलहाल आग लगने के कारणों और लापता लोगों की संख्या को लेकर विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है। प्रशासन की ओर से राहत एवं बचाव कार्यों से जुड़ी आगे की जानकारी का इंतजार है।
और पढ़ें: केजरीवाल को जान से मारने की धमकी, लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम से आया फोन