नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली में कानून-व्यवस्था को और मजबूत बनाने तथा संगठित अपराध पर लगाम लगाने के लिए केंद्र सरकार सख्त कदम उठाने की तैयारी में है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह गुरुवार दोपहर दिल्ली पुलिस मुख्यालय पहुंचेंगे। यहां वह वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक कर कानून-व्यवस्था की स्थिति की समीक्षा करेंगे। इस दौरान संगठित अपराध, अवैध हथियारों की तस्करी और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए प्रभावी रणनीति तैयार करने को लेकर चर्चा होगी।

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, बैठक में इन अपराधों पर रोक लगाने के लिए अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए जा सकते हैं। इसके अलावा अमित शाह पिछली बैठक में उठाए गए महिला सुरक्षा और नशे के अवैध कारोबार से जुड़े मुद्दों पर भी वरिष्ठ अधिकारियों से फीडबैक लेंगे।

महिला सुरक्षा और ड्रग्स के कारोबार पर भी नजर
इससे पहले 24 अक्टूबर को भी अमित शाह ने दिल्ली पुलिस मुख्यालय का दौरा किया था। उस दौरान उन्होंने वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के साथ राजधानी की कानून-व्यवस्था को लेकर चर्चा की थी। बैठक में दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता भी पहुंची थीं। अमित शाह ने महिला सुरक्षा को मजबूत बनाने और नशे के अवैध कारोबार पर प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देशों पर चर्चा की थी।

2029 तक 'नशामुक्त भारत' बनाने का लक्ष्य
केंद्र सरकार ने नक्सलवाद के खिलाफ अभियान के बाद अब देश को नशामुक्त बनाने का लक्ष्य तय किया है। अमित शाह ने राष्ट्रीय पुलिस स्मारक में पुलिस स्मृति दिवस के अवसर पर संबोधन के दौरान घोषणा की थी कि सरकार ने 31 दिसंबर 2029 तक भारत से नशे के खतरे को खत्म करने का लक्ष्य रखा है।

उन्होंने कहा था कि नशे का कारोबार पूरे देश के सामने एक गंभीर चुनौती है और इससे निपटने के लिए सामूहिक प्रयास जरूरी हैं। वहीं, गुजरात दौरे के दौरान भी अमित शाह ने लोगों से 31 दिसंबर 2028 तक गुजरात को नशामुक्त बनाने की दिशा में जिम्मेदारी निभाने की अपील की थी।

SIR को लेकर भी गरमाया था सियासी माहौल
24 अक्टूबर की बैठक ऐसे समय हुई थी, जब मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर विपक्षी दलों और छात्र संगठनों का विरोध जारी था। इसके बाद 1 नवंबर को कांग्रेस के नेतृत्व वाले INDIA गठबंधन ने दिल्ली के रामलीला मैदान में रैली आयोजित कर मुख्य निर्वाचन आयुक्त के इस्तीफे की मांग उठाई थी।

अब दिल्ली पुलिस मुख्यालय में होने वाली अमित शाह की बैठक में संगठित अपराध, अवैध हथियारों की तस्करी, महिला सुरक्षा और नशे के कारोबार पर होने वाली चर्चा पर सबकी नजर रहेगी। 

और पढ़ें:  'प्रेस रिलीज से इंस्टाग्राम रील तक के दौर का...' PM मोदी ने सुनाया अपना अनुभव