Telangana: तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद में पुलिस व्यवस्था को आधुनिक बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया जा रहा है। यहां का पंजागुट्टा पुलिस स्टेशन देश का पहला आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) आधारित पुलिस स्टेशन बनने जा रहा है। इस पायलट प्रोजेक्ट को दिसंबर 2026 के पहले सप्ताह में शुरू करने की तैयारी है। तेलंगाना के DGP सी.वी आनंद के निर्देश पर इस परियोजना को विकसित किया जा रहा है।

हैदराबाद के पंजागुट्टा में देश का पहला AI पुलिस स्टेशन

हैदराबाद के पुलिस कमिश्नर वी.सी. सज्जनार ने बुधवार को कहा कि पंजागुट्टा पुलिस स्टेशन को देश का पहला AI-बेस्ड पुलिस स्टेशन बनाया जा रहा है। इसके साथ ही उन्होंने पंजागुट्टा पुलिस स्टेशन का औचक निरीक्षण किया और वहां चल रही तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने शिकायतकर्ताओं से बातचीत कर उनकी समस्याएं भी सुनीं। उन्होंने बताया कि इस स्टेशन की सभी सर्विसेज़ को एक पायलट प्रोजेक्ट के तहत स्टेट-ऑफ़-द-आर्ट AI टेक्नोलॉजी के साथ इंटीग्रेट किया जा रहा है। 

कई कामों को AI तकनीक की मदद से किया जाएगा

इस AI पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराने से लेकर FIR लिखने, केस डायरी तैयार करने, जांच रिपोर्ट बनाने और चार्जशीट तैयार करने तक कई कामों में AI तकनीक की मदद ली जाएगी। पुलिस स्टेशन के रिसेप्शन पर 'सेतु' नाम का AI कियोस्क लगाया गया है। इसके जरिए लोग करीब 10 भाषाओं में अपनी शिकायत दर्ज करा सकेंगे। AI सिस्टम शिकायत को स्थानीय भाषा में अनुवाद करके संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाएगा।