गुवाहाटी:असम के गुवाहाटी में होटल बिलास इन के पास हुई गोलीबारी की घटना में पांच लोगों की मौत के बाद मृतकों के परिजन गुवाहाटी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (GMCH) के मुर्दाघर के बाहर जमा हुए। एक मृतक के रिश्तेदार ने पांच लोगों की हत्या को “कोल्ड-ब्लडेड मर्डर” यानी निर्मम हत्या बताया है।
मृतकों के परिजन का आरोप कोल्ड-ब्लडेड मर्डर
इस संदर्भ में मृतक के रिश्तेदार सुरजीत कलिता ने कहा कि, अभी, मैं कुछ नहीं कह सकता। लेकिन एक आम आदमी के तौर पर, मैं कह सकता हूं कि यह एक कोल्ड-ब्लडेड मर्डर है। नहीं तो, कोई भी व्यक्ति एक बार में पांच लोगों को बिना एक भी गोली मिस किए गोली नहीं मार सकता। इसलिए, वह एक क्रिमिनल माइंडेड व्यक्ति है।
घटना में कथित तौर पर इस्तेमाल किया गया हथियार
पुलिस के मुताबिक, 26 अक्टूबर की रात करीब 9 बजे हुई गोलीबारी में छह लोगों को गोलियां लगीं, जिनमें पांच की मौत हो गई, जबकि एक घायल का व्यक्ति का इलाज GMCHअस्पताल में चल रहा है। शुरुआती जांच में होटल के मालिक पक्ष और लीज पर होटल लेने वाले व्यक्ति के बीच संपत्ति और लीज समझौते को लेकर विवाद की आशंका जताई गई है। पुलिस ने आरोपी घनकांत गोगोई को घटना के एक घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया और कथित तौर पर इस्तेमाल किया गया हथियार भी बरामद किया। मामले की जांच जारी है।
पोस्टमॉर्टम जांच के बाद होगा मौत के कारणों का खुलासा
इस संदर्भ में गुवाहाटी पुलिस कमिश्नर डॉ. पार्थ सारथी महंता ने कहा कि आरोपी, जिसकी पहचान घनकांत गोगोई के रूप में हुई है, को घटना के एक घंटे के भीतर पकड़ लिया गया। पुलिस ने गोलीबारी में इस्तेमाल हथियार भी जब्त कर लिया। पुलिस ने कहा कि इन सभी की मौत का सही कारण पोस्टमॉर्टम जांच के बाद पता चलेगा।