Azam Khan Arrest: समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता और पूर्व कैबिनेट मंत्री आजम खान की मुश्किलें एक बार फिर बढ़ गई हैं। रामपुर जेल से रिहा होते ही प्रवर्तन निदेशालय (ED) की टीम ने उन्हें अपनी कस्टडी में ले लिया। जौहर विश्वविद्यालय से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में कार्रवाई के लिए ईडी की टीम 15 गाड़ियों और करीब 50 CRPF जवानों के साथ रामपुर जेल पहुंची थी। आजम खान को कस्टडी में लेने के बाद टीम उन्हें गाजियाबाद लेकर रवाना हो गई।
15 गाड़ियों और 50 CRPF जवानों के साथ पहुंची ED
आजम खान के जेल से बाहर आने की सूचना मिलते ही ईडी ने अपनी तैयारी शुरू कर दी थी। शनिवार शाम करीब आठ ईडी अधिकारियों की टीम 15 गाड़ियों के काफिले के साथ रामपुर जेल पहुंची। सुरक्षा के लिए करीब 50 CRPF जवान भी तैनात किए गए थे।
ईडी और सीआरपीएफ की भारी मौजूदगी की जानकारी मिलते ही जिला प्रशासन और पुलिस के अधिकारी भी जेल पहुंच गए। अपर पुलिस अधीक्षक अनुराग सिंह समेत कई थानों की पुलिस ने मौके पर मोर्चा संभाल लिया।
जेल से निकलते ही शुरू हुई खींचतान, गाड़ी में बैठने से किया इनकार
आजम खान और उनके बेटे अब्दुल्ला जैसे ही जेल से बाहर निकले, ईडी की टीम ने आजम खानको अपनी कस्टडी में ले लिया और गाड़ी में बैठने को कहा। हालांकि, आजम खान ने शुरुआत में गाड़ी में बैठने से इनकार कर दिया। इसके बाद मौके पर काफी देर तक तकरार और धक्कामुक्की की स्थिति बनी रही। जेल के बाहर मौजूद समर्थकों ने नारेबाजी शुरू कर दी। हालात बिगड़ने की आशंका को देखते हुए पुलिस ने मोर्चा संभाला और समर्थकों को शांत कराया।
काफी मशक्कत के बाद ईडी की टीम आजम खानको अपनी गाड़ी में बैठाने में सफल रही। इसके बाद काफिला उन्हें लेकर गाजियाबाद के लिए रवाना हो गया।
जमानत मिलने के बाद भी क्यों नहीं मिली राहत?
आजम खान को हाईकोर्ट से जमानत मिलने के बाद उनके जेल से बाहर आने का रास्ता साफ हुआ था। हालांकि, इसी बीच ईडी ने जौहर विश्वविद्यालय से जुड़े मामले में कार्रवाई तेज कर दी। जानकारी के मुताबिक, जमानत की खबर मिलने के बाद ईडी की ओर से अजीमनगर थाने में दर्ज भ्रष्टाचार की एफआईआर के सिलसिले में आजम खानको रिमांड पर लेने के लिए अदालत में प्रार्थना पत्र दाखिल किया गया था। इस मामले में सोमवार को सुनवाई होनी थी। अदालत ने आजम खानको 2 नवंबर को पेश होने के लिए भी तलब किया था।
लेकिन इससे पहले ही शनिवार को ईडी की टीम रामपुर जेल पहुंच गई और उन्हें अपनी कस्टडी में ले लिया।
गाजियाबाद की अदालत में पेश करने की तैयारी
आजम खान को कस्टडी में लेने के बाद ईडी की टीम उन्हें गाजियाबाद लेकर रवाना हुई है। बताया जा रहा है कि रविवार को उन्हें वहां की अदालत में पेश किया जा सकता है। जौहर विश्वविद्यालय से जुड़े कथित मनी लॉन्ड्रिंग और वित्तीय लेनदेन के मामले में आगे की पूछताछ की जाएगी। इस कार्रवाई के बाद उत्तर प्रदेश की सियासत में भी हलचल तेज होने की संभावना है।
और पढ़ें: आखिर क्यों ध्रुव राठी के खिलाफ जारी हुआ वारंट? जानिए 2018 के मानहानि केस की पूरी कहानी