UP Election 2027: उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज होने लगी हैं। बिहार की सत्तारूढ़ पार्टी जनता दल यूनाइटेड (JDU) भी अब यूपी में अपनी राजनीतिक जमीन मजबूत करने की तैयारी कर रही है। बिहार के स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार ने शनिवार को कहा कि पार्टी उत्तर प्रदेश में अपने संगठन का विस्तार करेगी और 2027 का विधानसभा चुनाव राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) के घटक दल के तौर पर लड़ने पर विचार कर रही है।

निशांत कुमार ने बताया कि उत्तर प्रदेश में पार्टी कार्यकर्ता और स्थानीय लोग लंबे समय से संगठन की बैठक आयोजित करने की मांग कर रहे थे। इसी मांग को देखते हुए पार्टी ने राज्य में बैठक करने का फैसला लिया है।

उत्तर प्रदेश में संगठन मजबूत करेगी JDU

निशांत कुमार ने कहा कि JDU की जड़ें बिहार में हैं, लेकिन पूर्वोत्तर समेत देश के दूसरे राज्यों में भी पार्टी की संगठनात्मक मौजूदगी रही है। अब पार्टी उत्तर प्रदेश में भी अपनी गतिविधियों को बढ़ाने और संगठन को मजबूत करने की योजना बना रही है।

उन्होंने कहा, "हम अब उत्तर प्रदेश में अपने संगठन का विस्तार करने, वहां अपनी मौजूदगी मजबूत करने और आगे बढ़ने की योजना बना रहे हैं।"

NDA के साथ चुनाव लड़ने की तैयारी

2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर निशांत कुमार ने कहा कि उनकी पार्टी चुनाव लड़ने पर विचार कर रही है। इसके लिए NDA के घटक दल के रूप में चुनाव मैदान में उतरने का प्रयास किया जाएगा।

उनके इस बयान के बाद यूपी की राजनीति में JDU की संभावित भूमिका को लेकर चर्चा तेज हो गई है। हालांकि, पार्टी ने अभी तक चुनाव लड़ने को लेकर सीटों या उम्मीदवारों की कोई जानकारी साझा नहीं की है।

MLC चुनाव में NDA की जीत पर दी बधाई

निशांत कुमार ने हालिया MLC चुनावों में जीत दर्ज करने वाले NDA उम्मीदवारों को बधाई भी दी। उन्होंने कहा कि BJP ने दो सीटों पर और JDU ने एक सीट पर जीत हासिल की है।

उनके मुताबिक, यह जीत पिछले 20 वर्षों में उनके पिता नीतीश कुमार और NDA द्वारा किए गए कार्यों के प्रति जनता की सराहना को दर्शाती है। वहीं, चुनाव में मिली हार को लेकर उन्होंने कहा कि पार्टी इसकी वजहों की समीक्षा करेगी और कमियों को दूर करने का प्रयास करेगी।

यह भी पढ़ें:  संजय सिंह ने SIR रद्द करने की मांग की, बोले- देशभर में 13.37 करोड़ वोट चोरी; पंजाब चुनाव के लिए AAP ने तय किए 40 उम्मीदवार