दुर्ग-भिलाई क्षेत्र की सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को बेहतर बनाने की दिशा में इलेक्ट्रिक बस सेवा शुरू करने की तैयारी तेज हो गई है। प्रधानमंत्री ई-बस सेवा के तहत बुधवार को भिलाई में पहली इलेक्ट्रिक बस पहुंची, जिसका ट्रायल किया गया। ट्रायल के दौरान नगर निगम के अधिकारियों और कर्मचारियों ने बस में सफर कर इसकी संचालन व्यवस्था, सुविधाओं और निर्धारित रूट का जायजा लिया। दुर्ग-भिलाई क्षेत्र में कुल 50 इलेक्ट्रिक बसों के संचालन को मंजूरी मिली है। पहले चरण में 20 बसें सड़कों पर उतारने की तैयारी है।

कई प्रमुख मार्गों से गुजरी ई-बस, अधिकारियों ने लिया जायजा

ट्रायल के दौरान इलेक्ट्रिक बस ने नेहरू नगर चौक, सूर्या मॉल चौक, शंकराचार्य हॉस्पिटल, धमधा रोड, ग्रीन चौक, दुर्ग रेलवे स्टेशन रोड, दुर्ग बस स्टैंड, राजेंद्र प्रसाद चौक, ठगड़ा बांध और पंथी चौक होते हुए रिसाली से भिलाई तक सफर किया। कलेक्टर अभिजीत सिंह और निगम आयुक्त सुरुचि सिंह भी दुर्ग बस स्टैंड पहुंचे। उन्होंने बस की संचालन व्यवस्था और यात्रियों को मिलने वाली सुविधाओं की जानकारी ली।

 यह भी पढ़ें: भोपाल में किसानों और आरक्षण के मुद्दे पर सपा का प्रदर्शन, पुलिस ने वॉटर कैनन से खदेड़ा; कई कार्यकर्ता घायल

कादंबरी नगर में तैयार हुआ बस डिपो

इलेक्ट्रिक बसों के संचालन के लिए दुर्ग के कादंबरी नगर, सिकोला भाठा में डिपो तैयार किया गया है। यहां बसों की पार्किंग और चार्जिंग के लिए विशेष व्यवस्था की गई है। अधिकारियों के मुताबिक, बसों के संचालन और रखरखाव के लिए जरूरी सुविधाएं डिपो में विकसित की जा रही हैं।

 यह भी पढ़ें:महराजगंज में आरक्षण की मांग पर हाईवे पर धरने पर बैठे मंत्री संजय निषाद, समर्थकों के साथ किया प्रदर्शन

दुर्ग से रायपुर, एयरपोर्ट और आसपास के शहरों तक मिलेगी कनेक्टिविटी

भिलाई नगर निगम के अधिकारी तिलेश्वर साहू ने बताया कि दुर्ग बस स्टैंड से पावर हाउस, बेरला, साजा और गंडई तक बसें चलाने की योजना है। इसके अलावा दुर्ग रेलवे स्टेशन से गुंडरदेही, पाटन, उतई, रायपुर बस स्टैंड, माना एयरपोर्ट और नया रायपुर तक भी कनेक्टिविटी प्रस्तावित है।

बसों में सीसीटीवी, लाइव लोकेशन ट्रैकिंग और मोबाइल ऐप से टिकट बुकिंग जैसी सुविधाएं देने की योजना है। ई-बस सेवा शुरू होने से नौकरीपेशा लोगों, विद्यार्थियों, व्यापारियों और रोजाना सफर करने वाले यात्रियों को राहत मिलने की उम्मीद है। इलेक्ट्रिक बसों के संचालन से पेट्रोल-डीजल पर निर्भरता कम होगी और प्रदूषण नियंत्रण में भी मदद मिलेगी। ट्रायल के बाद अब नियमित संचालन की तैयारियां तेज कर दी गई हैं।

 यह भी पढ़ें: आंध्र प्रदेश-ओडिशा तट से दोपहर तक टकरा सकता है गंभीर चक्रवात अक्वान, 3 ट्रेनें रीशेड्यूल