भोपाल: भोपाल में किसानों की समस्याओं और पिछड़े वर्ग के आरक्षण को लेकर समाजवादी पार्टी ने बुधवार को जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदेश अध्यक्ष डॉ. मनोज यादव के नेतृत्व में प्रदेशभर से कार्यकर्ता राजधानी पहुंचे और मुख्यमंत्री निवास व केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान के निवास का घेराव करने निकले। पुलिस ने बैरिकेडिंग कर प्रदर्शनकारियों को रोक दिया। इस दौरान जमकर नारेबाजी हुई और पुलिस ने वॉटर कैनन का इस्तेमाल किया। सपा ने कार्रवाई में महिलाओं समेत कई कार्यकर्ताओं के घायल होने का दावा किया है।

मुख्यमंत्री निवास और केंद्रीय कृषि मंत्री के आवास का घेराव करने पहुंचे कार्यकर्ता

प्रदेशभर से भोपाल पहुंचे सपा कार्यकर्ता किसानों को पट्टे देने, पिछड़े वर्ग को आरक्षण और 13 प्रतिशत होल्ड पदों को हटाने की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे थे। प्रदेश अध्यक्ष डॉ. मनोज यादव के नेतृत्व में कार्यकर्ता मुख्यमंत्री निवास और केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान के आवास का घेराव करने निकले, लेकिन पुलिस ने बैरिकेडिंग कर उन्हें रोक दिया। इसके बाद प्रदर्शनकारियों ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

यह भी पढ़ें: महराजगंज में आरक्षण की मांग पर हाईवे पर धरने पर बैठे मंत्री संजय निषाद, समर्थकों के साथ किया प्रदर्शन

वॉटर कैनन से कार्रवाई, महिलाओं समेत कई कार्यकर्ताओं के घायल होने का दावा

प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित करने के लिए वॉटर कैनन का इस्तेमाल किया। समाजवादी पार्टी का आरोप है कि पुलिस की कार्रवाई में कई कार्यकर्ता और महिला प्रदर्शनकारी चोटिल हुए। प्रदेश अध्यक्ष डॉ. मनोज यादव ने पुलिस कार्रवाई पर नाराजगी जताते हुए सरकार पर निशाना साधा।

उन्होंने कहा कि यह गुंडागर्दी वाली सरकार है। कार्यकर्ताओं को चोटें आई हैं, लेकिन समाजवादी डरने और झुकने वाले नहीं हैं। जरूरत पड़ी तो गोली भी खाएंगे, लेकिन अधिकारों की लड़ाई जारी रखेंगे।

यह भी पढ़ें: एलन मस्क बोले- 'जेनसन हुआंग की जगह कोई नहीं ले सकता', NVIDIA से हटाने का फैसला नहीं होता समझदारी

विधानसभा सत्र तक मांगें पूरी करने का अल्टीमेटम

प्रदर्शन के बाद प्रदेश अध्यक्ष डॉ. मनोज यादव ने एसडीएम को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने सरकार को विधानसभा सत्र के दौरान मांगें पूरी करने का अल्टीमेटम देते हुए चेतावनी दी कि अगर मांगें पूरी नहीं हुईं तो लाखों कार्यकर्ताओं के साथ आंदोलन तेज किया जाएगा।

समाजवादी पार्टी ने स्पष्ट किया कि किसानों के अधिकार, पिछड़े वर्ग के आरक्षण और 13 प्रतिशत होल्ड पदों को हटाने की मांग को लेकर पार्टी पीछे नहीं हटेगी। प्रदर्शन में सपा प्रवक्ता यश भारतीय समेत कई पदाधिकारी और महिला कार्यकर्ता मौजूद रहीं।

यह भी पढ़ें: आंध्र प्रदेश-ओडिशा तट से दोपहर तक टकरा सकता है गंभीर चक्रवात अक्वान, 3 ट्रेनें रीशेड्यूल