Delhi News: दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने मंगलवार को दिल्ली विश्वविद्यालय के दौलत राम कॉलेज में शताब्दी अकादमिक भवन, कंप्यूटर सेंटर और कौशल विकास केंद्र का उद्घाटन किया. इस दौरान उन्होंने छात्राओं को आत्मविश्वास, साहस और दृढ़ संकल्प के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया. मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली की हर लड़की को बिना किसी डर के आगे बढ़ने का अवसर मिलना चाहिए और उनकी सुरक्षा, गरिमा व अधिकारों की रक्षा करना सरकार की प्राथमिकता है.
डिग्री के साथ तकनीकी ज्ञान और कौशल भी जरूरी
मुख्यमंत्री ने छात्राओं से बातचीत करते हुए कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल डिग्री हासिल करना नहीं, बल्कि युवाओं को तकनीकी ज्ञान और व्यावहारिक कौशल से लैस करना भी है. इससे वे आत्मनिर्भर बन सकेंगे और जीवन की चुनौतियों का सामना कर पाएंगे. उन्होंने छात्राओं से अपनी क्षमताओं पर भरोसा रखने और मुश्किल परिस्थितियों से घबराने के बजाय उनका सामना करने की अपील की. मुख्यमंत्री ने कॉलेज परिसर में फैकल्टी रीडिंग रूम, सेमिनार रूम, पुस्तकालय स्थित श्री रामालय, रीसाइक्लिंग यूनिट और बेकरी यूनिट का भी निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने कॉलेज के सभागार के नवीनीकरण की जरूरत पर चर्चा की और संस्थान को सहयोग का आश्वासन दिया.
‘मिस DRC टैलेंट हंट’ की शुरुआत
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने ‘मिस DRC टैलेंट हंट’ की शुरुआत की. इसका उद्देश्य छात्राओं को अपनी प्रतिभा दिखाने और विभिन्न गतिविधियों में आत्मविश्वास के साथ भाग लेने के लिए प्रोत्साहित करना है. इस अवसर पर दिल्ली विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. योगेश सिंह, दौलत राम कॉलेज की प्राचार्य प्रो. सविता रॉय, कॉलेज गवर्निंग बॉडी के अध्यक्ष मुकुल गुप्ता, विजय शंकर तिवारी, शिक्षक, छात्राएं और अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे.
दौलत राम कॉलेज से रहा है मुख्यमंत्री का खास जुड़ाव
रेखा गुप्ता ने अपने छात्र जीवन को याद करते हुए बताया कि वह दौलत राम कॉलेज की पूर्व छात्रा हैं. उन्होंने कहा कि कॉलेज में छात्र संघ की महासचिव बनने के बाद ही सार्वजनिक जीवन में उनकी यात्रा शुरू हुई थी. मुख्यमंत्री के मुताबिक, छात्र राजनीति के दौरान मिली जिम्मेदारियों ने उन्हें लोगों की समस्याओं को समझने और उनके समाधान की दिशा में काम करने के लिए प्रेरित किया. उन्होंने कहा कि अब व्यापक स्तर पर लोगों से जुड़े मुद्दों पर काम करने का अवसर मिल रहा है.
दिल्ली में लगेंगी एक लाख स्मार्ट स्ट्रीट लाइटें
मुख्यमंत्री ने बताया कि दिल्ली में एक लाख स्मार्ट स्ट्रीट लाइटें लगाने और उन्हें कंट्रोल एंड कमांड सेंटर से जोड़ने की दिशा में काम चल रहा है. इससे खराब लाइटों की पहचान समय पर करने और निर्धारित समय सीमा में उनकी मरम्मत सुनिश्चित करने में मदद मिलने की उम्मीद है. इससे अंधेरे वाले स्थानों को कम करने और सार्वजनिक जगहों पर सुरक्षा बेहतर बनाने का लक्ष्य है. इसके अलावा, उन्होंने राजधानी में 50 हजार नए CCTV कैमरे लगाने की योजना पर भी काम चलने की जानकारी दी. प्रस्तावित पहल का उद्देश्य निगरानी व्यवस्था को मजबूत करना और महिलाओं सहित सभी नागरिकों की सुरक्षा बढ़ाना है.
महिलाओं की सुरक्षा के लिए सोच बदलने की जरूरत
मुख्यमंत्री ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा की जिम्मेदारी केवल लड़कियों पर नहीं डाली जानी चाहिए. इसके लिए समाज की सोच में बदलाव जरूरी है. उन्होंने कहा कि लड़कियों पर प्रतिबंध लगाने के बजाय लड़कों और पुरुषों को महिलाओं का सम्मान करना सिखाया जाना चाहिए.कार्यक्रम में महिला विकास समिति की छात्राओं ने आत्मरक्षा तकनीकों का प्रदर्शन भी किया. मुख्यमंत्री ने उनके साहस, आत्मविश्वास और सतर्कता की सराहना करते हुए कहा कि ऐसी ट्रेनिंग मुश्किल परिस्थितियों में अपनी सुरक्षा करने की तैयारी के साथ आत्मविश्वास भी बढ़ाती है.
गलत व्यवहार के खिलाफ आवाज उठाएं
रेखा गुप्ता ने छात्राओं से अपील की कि यदि कोई उनके साथ दुर्व्यवहार करे या डराने-धमकाने की कोशिश करे, तो वे उसके खिलाफ आवाज उठाएं. उन्होंने आश्वस्त किया कि दिल्ली सरकार छात्राओं की सुरक्षा और सम्मान को प्राथमिकता देती है. मुख्यमंत्री ने छात्राओं को अपने फैसले खुद लेने, सही और गलत के बीच अंतर समझने तथा अपनी समझ पर भरोसा रखते हुए चुने हुए रास्ते पर आगे बढ़ने के लिए भी प्रेरित किया.
और पढ़ें: Vote Chori: खड़गे का मोदी-शाह पर हमला, पूछा- CEC ज्ञानेश कुमार को क्यों बचा रही सरकार?