उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ दो दिवसीय दौरे पर वाराणसी पहुंचे। यहां उन्होंने नमो घाट पर होने वाले एयर शो की तैयारियों का जायजा लिया। इस कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के शामिल होने की संभावना को देखते हुए मुख्यमंत्री ने मौके पर मौजूद अधिकारियों से सुरक्षा और अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी ली।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि गंगा घाटों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं। नमो घाट के साथ ही आसपास के दूसरे घाटों पर भी जरूरी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं। उन्होंने एयर शो से जुड़ी सभी तैयारियों को प्राथमिकता के आधार पर समय से पूरा करने को कहा। निरीक्षण के दौरान पुलिस कमिश्नर, जिलाधिकारी और सेना के अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को कार्यक्रम की तैयारियों के बारे में विस्तार से बताया। अधिकारियों ने प्रोजेक्ट मैप के जरिए भी पूरी योजना की जानकारी दी।

निरीक्षण के दौरान कई मंत्री रहे मौजूद

इस दौरान प्रदेश के वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश खन्ना, स्टांप मंत्री रवींद्र जायसवाल, आयुष मंत्री डॉ. दयाशंकर मिश्र 'दयालु' और राज्यमंत्री हंसराज विश्वकर्मा मौजूद रहे। इनके अलावा महापौर अशोक कुमार तिवारी, जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्य, पूर्व मंत्री एवं विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी, विधायक सौरभ श्रीवास्तव, सुनील पटेल और टी. राम सहित कई जनप्रतिनिधि भी निरीक्षण में शामिल हुए। पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल, जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार और सेना के वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर मौजूद रहे।

22, 23 और 25 अक्टूबर को होगा एयर शो

वाराणसी में भारतीय वायुसेना का मुख्य एयर शो 22, 23 और 25 अक्टूबर को आयोजित किया जाएगा। 26 अक्टूबर को वैकल्पिक दिन के तौर पर रखा गया है। इस कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और अन्य विशिष्ट अतिथियों के शामिल होने का कार्यक्रम है। इससे पहले 9 अक्टूबर को एएनआई से बातचीत में नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने बताया था कि कार्यक्रम को सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए प्रशासन की ओर से व्यापक तैयारियां की जा रही हैं।

ये भी पढ़ें- अखबार बांटने से मिसाइल मैन बनने तक का सफर... जानिए डॉ. कलाम की जिंदगी के अनसुने किस्से

बैरिकेडिंग और सुरक्षा के खास इंतजाम

उन्होंने कहा कि भारतीय वायुसेना का यह एयर शो वाराणसी के लिए एक बड़ा आयोजन है और इसे राज्य स्तरीय कार्यक्रम के रूप में आयोजित किया जा रहा है। नगर निगम की ओर से नमो घाट और आसपास के इलाकों में साफ-सफाई की विशेष व्यवस्था की जा रही है। इसके साथ ही गंगा किनारे बैरिकेडिंग, पक्षियों के टकराने की आशंका को कम करने के लिए मांस की दुकानों को बंद रखने और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मोबाइल शौचालय उपलब्ध कराने जैसे कदम उठाए जा रहे हैं। प्रशासन का उद्देश्य है कि कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा और साफ-सफाई से जुड़ी व्यवस्थाएं सुचारु रहें और लोगों को किसी तरह की परेशानी न हो।