नई दिल्ली: NEET-UG 2026 से जुड़े मामलों में आत्महत्या करने वाले छात्रों के परिवारों को मुआवजा देने का मुद्दा एक बार फिर चर्चा में आ गया है। सुप्रीम कोर्ट के निर्देश के बावजूद राष्ट्रीय स्तर पर मुआवजा नीति सार्वजनिक नहीं होने का आरोप लगाते हुए कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने केंद्र सरकार को नोटिस भेजा है। पार्टी ने प्रधानमंत्री, केंद्रीय गृह मंत्री और केंद्रीय शिक्षा मंत्री से तत्काल हस्तक्षेप कर मुआवजा नीति घोषित करने की मांग की है।
CJP के लीगल सेल ने पार्टी के सह-संयोजक सौरव दास की ओर से यह नोटिस भेजा है। संगठन के मुताबिक, सुप्रीम कोर्ट ने 1 सितंबर 2026 को केंद्र सरकार को NEET-UG 2026 से जुड़े मामलों में आत्महत्या करने वाले छात्रों के परिवारों के लिए देशव्यापी मुआवजा नीति तैयार करने और अधिसूचित करने का निर्देश दिया था। इसके लिए सरकार को 90 दिनों का समय दिया गया था। अब 30 नवंबर की निर्धारित समयसीमा नजदीक है, लेकिन संगठन का दावा है कि अभी तक नीति सार्वजनिक नहीं की गई है।
सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद भी परिवारों को राहत नहीं मिलने का आरोप
CJP का कहना है कि जिन परिवारों ने अपने बच्चों को खोया है, उन्हें अब तक न तो मुआवजा नीति के बारे में कोई आधिकारिक सूचना मिली है और न ही आर्थिक सहायता प्रदान की गई है। संगठन के अनुसार, सुप्रीम कोर्ट ने केंद्र सरकार को स्पष्ट रूप से निर्देश दिया था कि प्रभावित परिवारों तक आर्थिक सहायता बिना अनावश्यक देरी के पहुंचाई जाए। इसके बावजूद नीति को सार्वजनिक नहीं किए जाने से पीड़ित परिवारों की मुश्किलें बढ़ रही हैं।
5 सितंबर का विरोध मार्च वापस लेने का भी किया जिक्र
CJP ने अपने नोटिस में यह भी कहा है कि संगठन ने 5 सितंबर को प्रस्तावित विरोध मार्च को सद्भावना के आधार पर वापस ले लिया था। ऐसा इसलिए किया गया क्योंकि केंद्र सरकार ने सुप्रीम कोर्ट के सामने नीति तैयार करने को लेकर आश्वासन दिया था।
अब निर्धारित समयसीमा समाप्त होने से पहले संगठन ने सरकार से तीन प्रमुख मांगें रखी हैं।
सुप्रीम कोर्ट के 1 सितंबर के आदेश का पालन करते हुए तत्काल मुआवजा नीति अधिसूचित की जाए।
मुआवजे के लिए पात्रता की स्पष्ट शर्तें और आर्थिक सहायता की राशि सार्वजनिक की जाए।
प्रभावित परिवारों को बिना प्रशासनिक देरी के समयबद्ध तरीके से मुआवजे का भुगतान सुनिश्चित किया जाए।
30 नवंबर तक पालन नहीं हुआ तो अवमानना की कार्रवाई की चेतावनी
CJP ने चेतावनी दी है कि यदि केंद्र सरकार 30 नवंबर 2026 तक सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों का पालन नहीं करती है, तो संगठन संवैधानिक और कानूनी विकल्प अपनाएगा। इसमें संविधान के अनुच्छेद 129 और अवमानना अधिनियम, 1971 के तहत अवमानना की कार्यवाही शुरू करने का विकल्प भी शामिल है।
संगठन ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट के सामने दिए गए आश्वासनों का सम्मान किया जाना चाहिए। जिन परिवारों ने अपने बच्चों को खोया है, उन्हें सरकारी उदासीनता के कारण और परेशान नहीं होना चाहिए।
CJP ने केंद्र सरकार से अपील की है कि वह समयसीमा समाप्त होने से पहले मुआवजा नीति लागू करे, ताकि NEET-UG 2026 से जुड़े मामलों में जान गंवाने वाले छात्रों के परिवारों को न्याय के साथ आर्थिक सहायता भी मिल सके।