नवाबों की नगरी लखनऊ में आयोजित भव्य ‘नारी शक्ति’ सम्मान समारोह में प्रदेश की प्रतिभाशाली और समाज के लिए उल्लेखनीय कार्य करने वाली महिलाओं का सम्मान किया गया। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे।

ज्योतिष के क्षेत्र में योगदान के लिए सम्मान

समारोह में कानपुर की बेटी डॉ. नितिशा मल्होत्रा को ज्योतिष के क्षेत्र में उनके असाधारण योगदान के लिए ‘लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड’ से सम्मानित किया गया। यह उपलब्धि उनके लिए व्यक्तिगत गौरव के साथ-साथ कानपुर के लिए भी सम्मान का विषय बनी। सम्मान मिलने के बाद डॉ. नितिशा ने अपने जन्मस्थान और कर्मभूमि कानपुर का गौरव पूरे प्रदेश में बढ़ाया।

उपमुख्यमंत्री और महिला आयोग की अध्यक्ष का किया सम्मान

सम्मान प्राप्त करने के बाद डॉ. नितिशा मल्होत्रा ने शिष्टाचार की परंपरा को आगे बढ़ाते हुए उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक और राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष बबिता सिंह चौहान का भी सप्रेम सम्मान किया।

नारी किसी भी क्षेत्र में पीछे नहीं

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डॉ. नितिशा मल्होत्रा ने कहा कि आज महिलाएं किसी भी क्षेत्र में पीछे नहीं हैं। उन्होंने कहा कि चाहे आसमान में फाइटर प्लेन उड़ाना हो, सीमा पर देश की रक्षा करनी हो या खेल के मैदान में तिरंगा लहराना। महिलाएं हर क्षेत्र में अपनी क्षमता साबित कर रही हैं, उन्होंने कहा कि कॉर्पोरेट जगत से लेकर राजनीति तक महिलाओं की नेतृत्व क्षमता लगातार मजबूत हुई है।

समान अधिकार और अवसर को बताया असली सशक्तिकरण

डॉ. नितिशा ने कहा कि महिलाओं की उपलब्धियां निश्चित रूप से गौरव का विषय हैं, लेकिन वास्तविक सशक्तिकरण अभी पूरी तरह हासिल नहीं हुआ है, उन्होंने कहा कि सच्ची आजादी और महिला सशक्तिकरण तब माना जाएगा, जब हर बेटी बिना किसी डर के उच्च शिक्षा हासिल कर सके, महिलाओं को समान काम के लिए समान वेतन मिले और देश के बड़े नीतिगत फैसलों में महिलाओं की बराबर भागीदारी सुनिश्चित हो।

भेदभाव खत्म करने का दिया संदेश

समारोह में डॉ. नितिशा ने रूढ़िवादी सोच और लैंगिक भेदभाव को पीछे छोड़ने की जरूरत पर जोर दिया, उन्होंने कहा कि महिलाओं को समान अवसर और सम्मान देकर ही एक मजबूत और सशक्त भारत का निर्माण किया जा सकता है। लखनऊ का यह ‘नारी शक्ति’ समारोह जहां प्रदेश की महिलाओं की उपलब्धियों को सम्मान देने का मंच बना, वहीं डॉ. नितिशा मल्होत्रा को मिला लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड कानपुर के लिए गौरव का क्षण बन गया।

 ये भी पढ़ें-JMI CDOE Admission 2026: जामिया ने शुरू की 49 ODL और ऑनलाइन कोर्स में दाखिले की प्रक्रिया

Written By: M. Atharuddin Munne Bharti

Edited By : Toshi Shah