Sunil Gavaskar: भारतीय टीम के पूर्व टेस्ट कैप्टन सुनील गावस्कर ने बुधवार को हैदराबाद में चौथे मैच के दौरान वेस्टइंडीज के युवा तेज गेंदबाज शमर जोसेफ के व्यवहार की आलोचना की। गावस्कर की यह टिप्पणी भारतीय टीम के 24 रन से मैच गंवाने के बाद आई।

हैदराबाद के राजीव गांधी इंटरनेशनल स्टेडियम में भारतीय बल्लेबाजी के दौरान जब आखिरी जोड़ी शेष थी तो मेहमान टीम के कप्तान ने शमर जोसेफ को गेंदबाजी के लिए बुलाया।

उस समय अर्शदीप सिंह बैटिंग कर रहे थे लेकिन यह युवा तेज गेंदबाज लगातार अर्शदीप को बॉडी लाइन पर गेंदबाजी कर रहा था, जिससे अर्शदीप चोटिल भी हो गए। अब पूर्व कप्तान ने शमर जोसेफ की इस हरकत की आलोचना की और जमकर फटकार लगाई।

जब स्टंप वहीं हैं- गावस्कर

वेस्टइंडीज के तेज गेंदबाज शमर जोसेफ की बॉडी लाइन गेंदबाजी से पूर्व भारतीय कप्तान सुनील गावस्कर बिल्कुल भी खुश नहीं थे। जब शमर पारी का आखिरी ओवर डालने आए थे उस समय गावस्कर कमेंट्री बॉक्स में मौजूद थे। उन्हें ऑन एयर यह कहते हुए सुना गया,

"वह उस पर निशाना साध रहा है। जब स्टंप वहीं हैं तो बैटर पर अटैक क्यों करें?" गावस्कर ने यह भी कहा, "अगर वह ठीक नहीं है, तो उसे रिटायर हो जाना चाहिए। उसे दर्द हो रहा है। आप उस चोट को और बढ़ाना नहीं चाहते।"

आपको बता दें कि, आखिरी ओवर में अर्शदीप विकेट छोड़कर बैटिंग कर रहे थे लेकिन इसके बावजूद शमर का निशाना स्टंप की बजाय अर्शदीप सिंह थे।

उस पर निशाना मत लगाओ- गावस्कर

कमेंट्री बॉक्स में सुनील गावस्कर ने कहा, “क्या स्टंप्स पर निशाना लगाना आसान नहीं होगा? उसे पता है कि वह बाईं ओर जा रहा है। बस स्टंप्स पर निशाना लगाओ। उस पर निशाना मत लगाओ। वह उस पर निशाना लगा रहा है।”

इस घटना के बाद अर्शदीप आगे नहीं खेल सके और पांच रन पर रिटायर्ड हर्ट हो गए। अब सीरीज डिसाइडर मैच शनिवार को बेंगलुरू में खेला जाएगा लेकिन इस मैच से पहले अर्शदीप सिंह की चोट ने टीम प्रबंधन की चिंता को बढ़ा दिया है।

आखिरी ओवर में क्या हुआ था?

यह घटना भारत के लक्ष्य का पीछा करने के आखिरी ओवर में हुई थी। जोसेफ की पहली गेंद पर अर्शदीप सिंह ने चौका मारा। इसके बाद शमर की दूसरी गेंद व्हाइड रही। अर्शदीप ने अगली गेंद को पीछे हटकर खेलने की कोशिश की लेकिन गेंद और बल्ले का संपर्क नहीं हुआ।

हालांकि, इसके बाद अगली गेंद को अर्शदीप एक बार फिर पीछे हटकर खेलना चाहते थे लेकिन इस बार यह उनके कंधें पर जा लगी। गेंद लगने से वह काफी दर्द में थे और फिजियो को बुलाया गया।

हालांकि, इस वक्त उनके पास बाहर जाने का मौका था लेकिन उन्होंने क्रीज पर रुकने का फैसला किया। इसके बाद अगली गेंद शमर ने फिर बाउंसर लगाई, जिसपर वह पीछे हट गए और गेंद व्हाइड रही और सीधे बाउंड्री की तरफ गई। हालांकि, इस वक्त भी वह काफी दर्द में थे और अंत में उन्हें बाहर लौटना पड़ा।

ये भी पढ़ें- ‘बुमराह को बेकार..’ न्यूजीलैंड में ODI सीरीज नहीं खेलेंगे जसप्रीत बुमराह! इस वजह से लिया फैसला